पटना : डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलने वाली पार्टियों के वारिसों में विरासत की जंग स्वाभाविक है. लालू प्रसाद के राजनीतिक आशियाने में घर के चिराग से ही आग लगी है. यूपी में मुलायम, कर्नाटक में देवगौड़ा, तमिलनाडु में करूणानिधि, हरियाणा में चौटाला या फिर महाराष्ट्र में पवार परिवार के वारिसों में छिड़ी विरासत की लड़ाई के बाद देश की जनता इनके राजनीतिक शगूफों पर क्यों भरोसा करे. जिस तरह से लालू ने छोटे बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए बड़े बेटे और बेटी को किनारे किया.
उसकी प्रतिक्रिया देर-सबेर होनी ही थी. बड़े बेटे की अपनी पत्नी से डायवोर्स के मुकदमे के बाद उनके ससुर को पार्टी का उम्मीदवार बनाना न केवल अपमानित करना है, बल्कि उसके जले पर नमक छिड़कने जैसा है. बड़ी बेटी को स्टार प्रचारक की सूची से बाहर कर दिया. लालू प्रसाद लाख कोशिश कर लें, वारिसों के सत्ता संघर्ष को रोक नहीं सकेंगे.
अररिया में भाजपा उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी चार अप्रैल को अररिया से भाजपा उम्मीदवार प्रदीप सिंह के नामांकन में शामिल होंगे. इससे पहले वह कटिहार में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. यहां बीएमपी मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया है.
इसके बाद वह अररिया में भाजपा उम्मीदवार के नामांकन में हिस्सा लेंगे. यहां से वह करीब तीन बजे बेतिया के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. डिप्टी सीएम के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव भी रहेंगे.
