फुलवारीशरीफ : पश्चिम बंगाल के राइस मिल संचालक अग्रवाल दंपती को करोड़ों के गबन के आरोप में पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इनके खिलाफ पटना के परसा बाजार थाना में छह माह पहले मामला दर्ज कराया गया था. परसा बाजार थाना में राजेश गुप्ता ने 66 लाख के गबन में चेक बाउंस का हवाला देते हुए बंगाल के राइस मिल संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. राजेश गुप्ता ने बताया कि मदन अग्रवाल, रितेश अग्रवाल, वसुंधरा अग्रवाल, रुकमणी अग्रवाल का पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के कुछट में सर्वेश राइस मिल है.
परसा बाजार के सिमरा में राजेश गुप्ता का दफ्तर है. इनका कहना है कि बिहार के पांच व्यापारियों से दो करोड़ का गबन अग्रवाल फैमिली ने किया है. इसी मामले में पटना आये अग्रवाल फैमिली के वसुंधरा अग्रवाल और उनके पति रितेश अग्रवाल को पुलिस ने पटना के गांधी मैदान इलाके से गिरफ्तार किया है. इस मामले में मदन अग्रवाल और उनकी पत्नी रुकमणी अग्रवाल फरार चल रहे हैं. मदन अग्रवाल और पत्नी रुकमणी अग्रवाल रितेश अग्रवाल के माता-पिता हैं.
गंगा तट से शराब जब्त
पटना सिटी. मालसलामी पुलिस ने नुरुउद्दीनगंज घाट पर छापेमारी कर देसी शराब को जब्त करते हुए धंधेबाज रमण कुमार को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि गंगा पार से शराब लाकर बेचने का काम किया जा रहा था. इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की.छापेमारी में बोरे में छिपा कर रखी शराब जब्त की गयी.
