दूसरे चरण के चुनाव का मामला
पटना : राज्य में दूसरे चरण के नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को संपन्न हो गयी है. पांच लोकसभा क्षेत्रों में कटिहार से पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर और जदयू प्रत्याशी दुलालचंद गोस्वामी, बांका से राजद के जयप्रकाश नारायण यादव और जदयू के गिरिधारी यादव, भागलपुर से राजद के बुलो मंडल व जदयू के अजय कुमार मंडल, पूर्णिया से जदयू के संतोष कुशवाहा और कांग्रेस के उदय सिंह समेत कुल 71 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाये गये.
जबकि, 18 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद्द कर दिये गये. जिन लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की गयी, उसमें किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका शामिल हैं. नामांकन पत्र रद्द होने वाले प्रत्याशियों में बांका संसदीय क्षेत्र के एनसीपी के प्रत्याशी मिथिलेश कुमार सिंह भी शामिल हैं. सभी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त दलों के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाये गये हैं.
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में 14 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाये गये हैं. जबकि यहां से दो प्रत्याशियों का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है. पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र में 11 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाये गये हैं. इस संसदीय क्षेत्र के छह प्रत्याशियों का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है. पूर्णिया संसदीय क्षेत्र से 17 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था. यहां पर एक प्रत्याशी के नामांकन पत्र की जांच को लेकर निर्वाची पदाधिकारी द्वारा जांच की जा रही है.
भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से कुल नौ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाये गये हैं, जबकि यहां के सात प्रत्याशियों का नामांकन रद्द कर दिया गया है. बांका संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक 20 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाये गये हैं, जबकि यहां के तीन प्रत्याशियों के नामांकन पत्र को रद्द किया गया है. अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बुधवार का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सहरसा और खगड़िया के क्षेत्र में विशेष गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
सहरसा में इन जिलों में तीसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर समीक्षा बैठक की गयी. राज्य में करीब 11 लाख वलनरेबल वोटरों को निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सभी तरह की सुरक्षा मुहैया करायी जा रही है. अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक एक करोड़ 12 लाख नकदी जब्त की गयी है. कुछ चांदी की भी जब्ती की गयी है. एमसीसी के उल्लंघन में 79 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
