डा राजेंद्र सिंह ‘जलपुरुष’ ने दी जानकारी
पटना : देश के 54 फीसदी भू-भाग पर गर्मी का प्रभाव पड़ रहा है. इस कारण भू-जल स्तर में तेजी से गिरावट आ रही है. देश के 13 राज्य 322 जिलों में सूखाड़ की समस्या हो रही है. भू-जल का भंडार खाली हो रहा है. ये बातें मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित डा राजेंद्र सिंह ‘जलपुरुष’ ने कहीं.
वे मंगलवार को घोघरडीहा प्रखंड स्वराज विकास संघ की ओर से गांधी सभागार में आयोजित जलवायु परिवर्तन अनुकूल एवं प्राकृतिक संसाधन संरक्षण विषय पर कार्यशाला में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि स्थायी विकास की पहल हमें नदियों को जोड़ने के बजाय समाज के लोगों को नदियों से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए. हमें प्राकृतिक के दोहन को कम करने व प्राकृतिक के साथ चलना सीखना होगा.
वहीं कार्यक्रम में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्यास जी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण बिहार में प्रत्येक आपदा जल एवं जमीन से जुड़ी है.
इस कारण बिहार को एक साथ बाढ़ व सुखाड़ दोनों तैयारी करनी पड़ती है. हम लोग इसके स्थायी समाधान पर कार्य कर रहे हैं. कार्यक्रम में डॉ वीवी उपाध्याय, रमेश कुमार, अजय कुमार झा सहित कई लोग मौजूद थे.
