पटना : विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद ने कहा है कि इसी सत्र से विधान परिषद में क्विक रिप्लाई मैनेजमेंट सिस्टम लागू हो गया है. सदस्य ऑनलाइन अपना प्रश्न दे सकते हैं और उनको ऑनलाइन ही उत्तर मिल जायेगा. सदन में वे सिर्फ पूरक प्रश्न ही पूछेंगे इससे सदन के समय की बचत होगी. रशीद ने यह जानकारी बिहार विधान परिषद की प्रेस सलाहकार समिति की बैठक के दौरान गुरुवार को दी.
उन्होंने आग्रह किया कि सदन में उठाये जाने वाले जनहित के मुद्दों को मीडिया में पूरा फोकस दिया जाये. विप के कार्यकारी सभापति ने कहा है कि विधान परिषद एनेक्सी में 11 फरवरी को गांधी दर्शन पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया है. सेमिनार में खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी, खादी बोर्ड के सदस्य प्रसन्न रवींद्र कुमार, गुजरात विद्यापीठ की पुष्पा मोटवानी आदि शामिल होंगे.
