बिस्कोमान कॉलोनी में हुई थी घटना, दो बाइक पर आये थे पांच अपराधी
पटना : आलमगंज थाने के बिस्कोमान कॉलोनी में रविवार की रात हुई फायरिंग में घायल तीन लोगों में से एक अजय महतो (धनबाद निवासी) की मौत हो गयी.
जबकि, दो अन्य विजय यादव और सचिन फिलहाल अस्पताल में है और उनकी हालत खराब है. खास बात यह है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय इन तीनों के साथ एक अन्य व्यक्ति साधु भी वहां मौजूद था. लेकिन, वह छिपने में सफल रहा था और उसकी जान बच गयी. इधर, इस मामले में घायलों के बयान पर बिस्कोमान कॉलोनी के अर्जुन सिंह व लल्लू महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने छापेमारी कर अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही लल्लू महतो को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.
सीसीटीवी कैमरे में आयी अपराधियों की तस्वीर
पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि कॉन्ट्रैक्ट किलर किलर की मदद से इस घटना को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज को खंगाला, तो उसमें कुछ अपराधियों की तस्वीर सामने आयी हैं. ये अपराधी पांच की संख्या में थे और दो बाइक पर सवार होकर आये थे. खास बात यह है कि जिंस कारखाना में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर 15 दिन पहले ही निकाल दिया गया था. इस बिंदु पर भी पुलिस जांच करने में लगी है.
7.65 बोर के हथियार से दिया है घटना को अंजाम
इस घटना को अंजाम देने में अपराधियों ने 7.65 बोर के हथियार का उपयाेग किया था. पुलिस को घटना स्थल पर इसी बोर के खोखे मिले थे. आमतौर पर कांट्रेक्ट किलर ही इस तरह के हथियार का उपयोग करते हैं.
तीन को लगी थी गोली
विदित हो कि आलमगंज थाने के बिस्कोमान कॉलोनी में अपराधियों ने अलाव सेंक रहे चार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. जिसमें विजय यादव, अजय महतो व सचिन कुमार को गोली लगी थी. जबकि, एक अन्य व्यक्ति साधु बाल-बाल बच गया.
चल रहा था विवाद
बताया जाता है कि बिस्कोमान कॉलोनी में ही 16 कट्ठे की जमीन को लेकर अर्जुन सिंह और लल्लू महतो से विजय यादव का विवाद चल रहा था. विजय यादव उस जमीन को अपना बताता था और उन दोनों ने किसी और से उस जमीन का एग्रीमेंट कराया था. विजय यादव ने वहां पर लोगों को रहने के लिए जगह दे दी थी.
जिसमें एक जिंस बनाने का कारखाना भी था. इसके अलावा इ-रिक्शा की बैटरी को चार्ज करने के लिए व्यवस्था कर रखी थी. इसके अलावा विजय यादव का पटना के नामी बिल्डर से भी विवाद चल रहा था. सिटी एसपी पूर्वी राजेंद्र भील ने बताया कि इस मामले में एक की गिरफ्तारी हुई है. आलमगंज थाने में दो को नामजद आरोपित बनाया गया है. साथ ही अपराधियों की तस्वीर भी पुलिस को मिल गयी है.
