पालीगंज : आलू व्यवसायी को गोली मारे जाने के खिलाफ शनिवार की देर शाम पालीगंज के व्यवसायियों ने शिव मंदिर में बैठक की. बैठक में घटना के विरोध में रविवार को पालीगंज बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया
इस दौरान दुकानदारों ने सरकार से कहा कि अगर 10 जनवरी तक अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई नहीं की गयी तो 11 जनवरी से पालीगंज बाजार अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दिया जायेगा. साथ ही पीड़ित के परिजनों को सुरक्षा व इलाज में हुए खर्च के भरपाई की मांग की. बैठक की अध्यक्षता कृष्णा प्रसाद गुप्ता ने की. मौके चंद्रसेन वर्मा, सब्जा शर्मा, सरपंच उर्मिला देवी व दिनेश कुमार समेत सैकड़ों दुकानदार मौजूद थे.
उधर, मामले की जांच करने सिटी एसपी पश्चिम रवींद्र कुमार शनिवार को पालीगंज थाने पहुंचे. इस दौरान वह परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली. बाद में बिक्रम व दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर जांच की. इस दौरान आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी ली. वहीं, सिटी एसपी ने डीएसपी मनोज कुमार पांडे व पालीगंज थाना इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि मामले की जांच तीव्र गति से करें. किसी भी हालत में दोषी बचने नहीं चाहिए.
