नकद और ज्वेलरी ले गये चोर, परिचितों से पूछताछ
पटना : राजधानी में चोरों का आतंक जारी है. शास्त्रीनगर के पटेलनगर रोड नंबर-5 में एक ही मकान में रहने वाले दो किरायेदारों के घर में चोरी हुई है.
बड़ी बात यह है कि घटना को चोरों ने दिनदहाड़े अंजाम दिया है. इस दौरान एक मकान से 4 लाख की ज्वेलरी और 30 हजार कैश व दूसरे मकान से एक लाख रुपये की ज्वेलरी और कुछ कैश चोर उठा ले गये हैं. घटना के वक्त मकान में ताला बंद था, घर के लोग बाहर गये हुए थे. इस दौरान घर में घुसे चोरों ने सीधे गोदरेज के लॉक को तोड़ा और नगदी और ज्वेलरी की चोरी की है. दोनों मकानों से अन्य समानों का हाथ नहीं लगाया गया है. पुलिस को शक है कि इसमें किसी करीबी का हाथ है. घर आने-जाने वाले लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है. कई जगह पर छापेमारी भी हुई है.
मार्केट में खरीदने गयी थी दूध, घर में हो गयी चोरी : रेलवे कांट्रेक्टर संजय कुमार की पत्नी शाम को मार्केट में दूध खरीदने गयी थी. इस दौरान मकान में ताला बंद था.
इसी बीच चोर घर में दाखिल हो गये और मेन गेट का ताला तोड़कर सीधे अंदर चले गये. चोरों ने गोदरेज की आलमारी का लॉक तोड़कर 4 लाख की ज्वेलरी और 30 हजार रुपये कैश चोरी कर लिया. इसी प्रकार यूपी के रहने वाले शंकर शरण पटना कलेक्ट्रेट में कर्मचारी थे. यहां से रिटायर्ड हो चुके हैं. उनके भी घर में कोई नहीं था. संजय कुमार और शंकर शरण का परिवार एक ही मकान में आमने-सामने फ्लैट में रहता है.
शंकर शरण ने बताया कि उनके घर भी कोई नहीं था. चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी की है. दाेनों के यहां एक साथ चोरी हुई है. इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, करीबी लोगों के बारे में जानकारी ली गयी है. पुलिस को शक है कि किसी करीबी ने ही चोरी कराया है.
बाल श्रम आयोग के सदस्य की बोलेरो चोरी : डॉ पंकज बाल श्रम आयोग के सदस्य हैं. वह कंकड़बाग थाना क्षेत्र के शिवाजी पार्क के पास रहते हैं. उन्होंने ने अपनी बोलेरो गाड़ी को नीचे खड़ा किया था. सोमवार की सुबह जब वह नींद से जगे तो नीचे उनकी गाड़ी नहीं थी. गाड़ी चोरी हो चुकी थी. उन्होंने कंकड़बाग थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस छानबीन कर रही है. दरअसल उनके अावास पर सीसीटीवी लगा था़ लेकिन, कैमरा खराब हो गया था. इसलिए चोरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है.
