बर्ड फ्लू : 30 पॉल्ट्री फार्मों से भेजे गये सेंपल, होटलों में मीट व चिकन की जांच के निर्देश, अब तक 375 सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया पटना :

जिलाधिकारी कुमार रवि की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संजय गांधी जैविक उद्यान में मृत मोरों की जांच में एच5एन1 एविएन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि पर बैठक की गयी. बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि संजय गांधी जैविक उद्यान को छोड़ कर कहीं भी एच5एन1 एविएन इन्फ्लुएंजा के […]

जिलाधिकारी कुमार रवि की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संजय गांधी जैविक उद्यान में मृत मोरों की जांच में एच5एन1 एविएन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि पर बैठक की गयी. बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि संजय गांधी जैविक उद्यान को छोड़ कर कहीं भी एच5एन1 एविएन इन्फ्लुएंजा के लक्षण नहीं मिले हैं.
फिलहाल 30 पॉल्ट्री फार्म से सेंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है. निगरानी की जा रही है. जू के निदेशक ने बताया कि पूरे संजय गांधी जैविक उद्यान को विशेष तौर पर साफ किया जा जा चुका है. वहीं, वन प्राणी प्रक्षेत्र में दवा का छिड़काव किया जा रहा है. गंदगी वाली जगहों पर चूना तथा ब्लीचिंग का प्रयोग हो रहा है.
बैठक में उन्होंने बताया कि 30 अलग-अलग पक्षियों के सेंपल कोलकाता स्थित लैब में भेजे गये. उन्होंने डीएम से टेमीफ्लू टैबलेट एवं किट उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया. इसके बाद डीएम ने जिला पशुपालन को निगरानी बनाये रखने और दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये.
सरकार चौकस, मंत्री के बतखों का लिया सैंपल
पटना : पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग को किसी नये जगह से बर्ड फ्लू की जानकारी नहीं मिली है. सभी जिला पशुपालन पदाधिकारियों को पूरी स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है. स्वास्थ्य विभाग ने भी सभी सिविल सर्जन और मेडिकल कालेज के अधीक्षकों को सतर्क रहने को कहा है.
इधर शुक्रवार को पशुपालन मंत्री पशुपति कुमार पारस के पालतू पक्षी और बतख का भी सैंपल लिया गया. शनिवार को पूर्व मंत्री अशोक चौधरी के पालतू पक्षी का सीरम लिया जायेगा.
375 सैंपल जांच के लिए भेजा
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की एक टीम यहां अभी रहेगी. पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान की निदेशक डा. अलका शरण के बताया कि 375 सैंपल जांच के लिए भेजा गया है. बांका, लखीसराय, पटना सिटी सहित अन्य जगहों भी जांच के लिए 185 सैंपल आया है.
आज आयेगी इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट की टीम
पटना : इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, इज्जत नगर की टीम शनिवार को पटना आयेगी. पटना जू के आग्रह पर आ रही इस टीम में दो सदस्य हैं, जो वायरोलॉजी और बर्ड फ्लू के विशेषज्ञ हैं. टीम बतायेगी कि ऐसी घटनाओं से निबटने के लिए क्या व्यवस्था की जाये और भविष्य में उन्हें रोकने के लिए पटना जू में क्या अतिरिक्त सावधानियां बरती जायें.
इस बीच पटना जू में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी संक्रमण मुक्त करने वाला छिड़काव जारी रहा. इस दौरान चूने में फर्मलीन मिला कर उसे मोर के साथ-साथ आसपास रहने वाले पशु-पक्षियों के केज में भी डाला गया.
पशु पक्षियों के रखरखाव से जुड़े कर्मियों को बर्ड फ्लू फैलने पर बरते जाने वाले अतिरिक्त सावधानी के बारे में विस्तार से बताया गया और इसे रोकने के लिए किये जाने वाले प्रबंधों का भी प्रशिक्षण दिया गया. जू में आने जाने वाले वाहनों का फुट बाथ शुक्रवार को भी जारी रहा.
जिलाधिकारी ने विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपनी अध्यक्षता में जांच टीम गठित कर शहर के विभिन्न होटलों में 29, 30, 31 दिसंबर और एक जनवरी को जांच कराएं कि होटलों द्वारा बासी मीट एवं चिकन का प्रयोग तो नहीं किया जा रहा है. अगर ऐसा हो, तो उन पर कार्रवाई करें.
खिलाड़ियों के मेन्यू से चिकेन-अंडा गायब
पाटलिपुत्र खेल परिसर में विद्यालय खेलों की तैयारी के आयोजित खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कैंप के खाने के मेन्यू में चिकेन और अंडा पर रोक लगा दी गयी है. शुक्रवार को राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव आशीष सिन्हा ने एक पत्र जारी कर कैंटीन के संचालक को इसकी सूचना दे दी है. प्राधिकरण ने मेन्यू से चिकेन और अंडा हटाने के बाद उस स्थान पर मछली और मटन को शामिल करने का निर्देश दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >