पटना : पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्थायी प्रिंसिपल की नियुक्ति सोमवार को भी नहीं हो पायी. हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एनएमसीएच के डॉ सीताराम प्रसाद को अतिरिक्त प्रभार दिया है.
सरकार के संयुक्त सचिव डॉ कौशल किशोर ने सोमवार को आदेश जारी कर दिया. उन्होंने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू होने की बात कही. उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी प्रिंसिपल की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक डॉ सीताराम प्रसाद पीएमसीएच के प्रिंसिपल का कार्यभार देखते रहेंगे. पीएमसीएच के प्रिंसिपल के नाम पर मंगलवार को मुहर लगने की उम्मीद जतायी जा रही है. इधर, कॉलेज परिसर में प्रिंसिपल के लिए डॉ विजय गुप्ता व डॉ राजीव रंजन प्रसाद के नाम की चर्चा की जा रही है. कुछ लोग डॉ विजय गुप्ता तो कुछ डॉ राजीव रंजन प्रसाद को प्रिंसिपल बनाना तय मान रहे हैं.
