पटना : पटना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. राजधानी के गांधी मैदान थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ऑनलाइन सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने शहर के एक्जीबिशन रोड़ में छापेमारी कर रैकेट से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक सांवरमल बैरवा राजस्थान का है. जबकि, दिलीप और सुधीर पटना के रहने वाले हैं. वहीं, सेक्स रैकेट का मास्टर माइंड अमित अब भी पुलिस की गिरफ्त से फरार है. पुलिस ने इनके पास से एक ऑल्टो कार भी जब्त की है.
गिरफ्तार आरोपितों के मुताबिक अमित और उसकी पत्नी दोनों मिलकर लड़कियों का इंतजाम करते थे. लड़कियों को बंगाल से लाया जाता था. कस्टमर वेबसाइट पर मौजूद नंबर पर फोन करते थे. उसके बाद पटना के बड़े-बड़े होटलों में लड़कियों की सप्लाई की जाती थी. इस काम में पूरा रैकेट लगा हुआ था. सभी को काम के हिसाब से ही सैलरी मिलती थी.
पुलिस के अनुसार आरोपी पटना कॉल गर्ल्स नामक वेबसाईट के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे. इस वेबसाइट में संपर्क के लिए फोन नंबर भी दिया हुआ था. पकड़े गये लोगों ने बताया है कि लड़कियों को होटलों में भेज कर धंधा कराया जाता था. कॉल गर्ल्स की सप्लाई बंगाल से की जाती थी. उन्हें पैकेज देकर बिहार लाया जाता था. पुलिस अब मास्टरमाइंड अमित और उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने में लग गयी है. फरार अन्य सभी आरोपितों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
