मोकामा : बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ ने युवक ललीया पासवान को निर्वस्त्र कर पीटा. यह घटना मोकामा थाने के मोर गांव में गुरुवार की सुबह में हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कथित तौर पर आरोपित युवक को मुक्त कराया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मोर निवासी चंदीरक महतो का छह वर्षीय पुत्र विकास बुधवार की शाम रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था. परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका. इस बीच एक ग्रामीण ने बताया कि लापता हुए बच्चे को पड़ोसी ललीया के साथ देखा गया था. इससे गांव के लोग काफी उग्र हो गये.
उन्होंने ललीया को पकड़ कर मंदिर के पाये बांध दिया. वहीं, उससे लापता बच्चे के संबंध में पूछताछ करने लगे. बच्चे का पता नहीं बताने पर भीड़ ने उसके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी. इधर, बच्चे की तलाश में लोग इधर-उधर भटकते रहे. इस बीच घटना की भनक पुलिस को लग गयी. पुलिस के पहुंचने पर भीड़ के चंगुल में फंसे युवक की जान बच सकी.
बच्चा हुआ बरामद
बच्चे के लापता होने के मामले में पुलिस छानबीन में जुटी थी. इसी बीच लोगों ने सूचना दी कि मोकामा बाईपास में एक बच्चा भटकता हुआ मिला है.
पुलिस ने अविलंब पहुंच कर बच्चे को बरामद कर थाने लाया. बच्चे से पूछताछ कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया. हालांकि, बच्चा स्पष्ट रूप से कुछ बताने की स्थिति में नहीं था. बच्चे के पिता ने कहा कि बुधवार की शाम तकरीबन पांच बजे उसका पुत्र घर के बाहर खेल रहा था. इसी बीच वह अचानक गुम हो गया.
