शेखपुरा : शराब के नशे में धुत करण्डेय थाना के एक एएसआई भरत यादव का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी दयाशंकर ने उक्त एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. मालूम हो कि करण्डेय थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक रवींद्र महतो के अवकाश पर रहने के बाद फिलहाल थानेदार पद का प्रभार एएसआई भरत यादव के हाथों में ही था.
इस बाबत एसपी दयाशंकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर भरत यादव को शराब के नशे में दिखाया गया है. उन्होंने कहा कि इसकी सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमित शरण को फौरन करण्डेय थाना भेजकर उक्त एएसआई के स्वांस की जांच करायी गयी, लेकिन उसमें उन्हें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई. फिर भी उनका वीडियो शराबी का होने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. साथ ही एसडीपीओ को इस मामले की जांच की जिम्मेवारी सौंपी गयी है. वे इस बात की सत्यता और वीडियो के क्लिप की गहन जांच कर जांच रिपोर्ट उन्हें सौपेंगे.
