राजधानी के गंगा घाटों पर होंगे कई कार्यक्रम
बछेंद्री पाल, प्रेमलता अग्रवाल सहित 40 हस्तियां होंगी शामिल
पटना : गंगा नदी की स्वच्छता जागरूकता को लेकर पांच अक्तूबर को हरिद्वार से शुरू हुआ ‘मिशन गंगे’ अभियान 30 अक्टूबर को पटना में संपन्न हो जायेगा.
एवरेस्ट विजेता व पद्मश्री से अलंकृत बछेंद्री पाल व प्रेमलता अग्रवाल सहित अभियान की 40 सदस्यीय टीम शुक्रवार (26 अक्टूबर) को वाराणसी होते हुए बिहार के बक्सर में पहुंच रही है. 26-27 को बक्सर में प्रवास के बाद 28 को टीम पटना पहुंचेगी. 29 व 30 अक्टूबर को पटना के घाटों पर उनके आकर्षक कार्यक्रम होंगे.
पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखा कर किया था रवाना : इस टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था. उसके बाद यह टीम गंगा नदी के रास्ते ही उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार पहुंच रही है. बुडको के अधिकारियों के मुताबिक सभी 40 सदस्य पांच राफ्टिंग टीम में बंटे हैं. इनमें करीब आधा दर्जन से अधिक पर्वतारोही हैं.
नमामि गंगे प्रोजेक्ट के बिहार हेड सौम्या मुखोपाध्याय के साथ ही एसपीएमजी के अजीत कुमार नयन, इंजीनियर कमल राणा व बुडको पीआरओ चंद्रभूषण कुमार भट्ट को इसकी व्यवस्था में लगाया गया है.
पटना में गंगा किनारे सजेगी चौपाल
बक्सर में दो दिवसीय आयोजन के बाद मिशन गंगे की टीम 28 अक्टूबर की देर शाम पटना पहुंचेगी. नमामि गंगे के तत्वाधान में नगर विकास एवं आवास विभाग एवं पटना जिला प्रशासन द्वारा उनके लिए व्यवस्था करायी गयी है.
29 अक्टूबर को गंगा स्वच्छता अभियान के तहत सुबह में काली घाट, गायघाट व भद्रघाट पर सफाई अभियान चलाया जायेगा. इसमें बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोगों की भागीदारी होगी. दोपहर बाद दूसरे चरण में गंगा किनारे चौपाल लगायी जायेगी. 30 अक्टूबर को भी जागरूकता कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के साथ मिशन गंगे की टीम इंटरेक्शन करेगी.
