पटना : श्रीकृष्णापुरी थाने के कृष्णा अपार्टमेंट के पीछे रामकृष्ण पथ में बुधवार को 11 बज कर 30 मिनट पर दिनदहाड़े अपराधियों ने एएन कॉलेज के छात्र रितविक प्रजापति को गोली मार दी और पिस्टल लहराते हुए फरार हो गये. घटना के बाद छात्र को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत ठीक नहीं थी. अपराधियों द्वारा चलायी गयी गोली उसके पेट में लगी है और फिलहाल वह बेहोश है.
जिसके कारण पुलिस उसका बयान नहीं ले सकी है. वह रामकृष्ण पथ में ही एक लॉज में रह कर पढ़ाई करता था. हालांकि वह मूल रूप से सीतामढ़ी के ओरियेंटल चौराहा का निवासी है. डीएसपी सचिवालय राजेश प्रभाकर के अनुसार जांच के दौरान यह जानकारी मिली है कि उसकी संगति गलत लड़कों से हो गयी थी. फिलहाल घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी है. वह बेहोश है और होश में आने के बाद पूछताछ की जायेगी.
घर से बुला मारी गोली
पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ युवक उसे बुलाने के लिए हॉस्टल गये थे. इसके बाद छात्र हॉस्टल से बाहर निकला और उन लोगों के साथ जाने लगा. इसी बीच उनमें से ही एक युवक ने सामने से गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी और हथियार लहराते फरार हो गये.
