खगौल : थाना क्षेत्र के दल्लूचक स्थित चरघरवा मोड़ के समीप 15 वर्षीय किशोर ने पंखे से झूल कर आत्महत्या कर ली. सोमवार की सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उसे पंखे से झूलता पाया. किशोर के पिता दीनदयाल सिंह व भाई सोनू आनन- फानन में उसे उतार कर एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. हाजीपुर सदर अस्पताल से सेवानिवृत्त दीनदयाल सिंह ने बताया कि मेरा छोटा पुत्र मोनू रविवार की रात खाना खाकर ऊपर अपने कमरे में सोने चला गया.
सोमवार की सुबह देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो उसके बड़े भाई सोनू ने जाकर दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से आवाज नहीं आयी. काफी देर होने के बाद हमलोग कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गये, तो देखा कि मोनू पंखे में फंदा लगाकर रस्सी के सहारे झूल रहा था . स्थानीय लोगों ने बताया कि किशोर नशे का आदी था.
इससे पूर्व में भी चूहे मारने वाली दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुका था. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
