पटना सिटी: डायरिया से पीड़ित युवती को उपचार के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार बेलदारीचक मुहल्ले में रहनेवाली डायरिया से पीड़ित रीता को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इधर, बीमारी से पीड़ित एक दर्जन रोगियों का उपचार अस्पताल में चल रहा है.
दूसरी ओर, रिमांड होम से पीड़ित दो मरीजों को भी कै- दस्त की बीमारी पर उपचार के लिए भरती कराया गया है. इसके अलावा बीमारी से पीड़ित दीदारगंज की चांदनी देवी, मोगलपुरा की सायरा परवीन, मालसलामी के चुनारी यादव, मीना देवी लोदी कटरा व रामदुलार के साथ रूपा देवी सरोज देवी आदि पीड़ित मरीजों का उपचार अस्पताल में चल रहा है. भरती मरीजों का कहना है कि उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है. दवा के नाम पर स्लाइन दिया जा रहा है. हाल ही में वार्ड संख्या 72 में डायरिया ने चार दर्जन मरीजों को अपनी चपेट में लिया था.
