पटना : नीति आयोग ने राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने पर कुल सात वर्गों में बिहार के अधिकारियों को सम्मानित किया है.
कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और नीति आयोग ने संयुक्त रूप से बुधवार को दिल्ली के होटल अशोक में किया था. राष्ट्रीय पोषण माह का अायोजन एक से 30 सितंबर तक किया गया था. समारोह में कार्यकर्ताओं के व्यक्तिगत, समूह, ग्रामीण समन्वय, जिला स्तरीय नेतृत्व क्षमता वर्ग आदि में उपलब्धि पर सम्मानित किया गया.
इसके साथ राज्य स्तरीय समन्वय कार्ययोजना के क्रियान्वयन के लिए आईसीडीएस निदेशालय को सम्मानित किया गया. इसे पोषण अभियान की नोडल पदाधिकारी सहायक निदेशक श्वेता सहाय और पोषण मिशन के सलाहकार बलिन्द्र ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया. सरकार की तरफ से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव, नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार और नीति आयोग के सदस्य डॉ विनोद पॉल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.
