पटना : पूर्व मेयर की हत्या के बाद राज्य की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने का सिलिसिला जारी है. 24 घंटे में सरकार ने आईपीएस अफसरों के तबादले की एक और सूची जारी कर दी. शनिवार को मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी सहित पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक और दो अन्य अधिकारियों का तबादला कर दिया गया. मुजफ्फरपुर से एसएसपी हरप्रीत कौर को हटा दिया गया है.
हरप्रीत कौर सांसद पप्पू यादव के साथ हुए विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रही थीं. कौर अब समस्तीपुर की एसपी का पद संभालेंगी. दरभंगा के एसएसपी मनोज कुमार को मुजफ्फरपुर का एसएसपी बनाया गया है. बीएमपी-10 की समादेष्टा एवं एसपी निगरानी एवं अन्वेषण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार देख रही गरिमा मलिक को दरभंगा का सीनियर एसपी बनाया गया है. बेगूसराय के एसपी आदित्य कुमार को एसपी भोजपुर तथा भोजपुर के एसपी अवकाश कुमार को बेगूसराय का एसपी बनाया गया है. समस्तीपुर के आरक्षी अधीक्षक दीपक रंजन को समादेष्टा बीएमपी 10 के पद पर भेजा गया है. साथ ही एसपी निगरानी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. बेगूसराय में ट्रेनी एएसपी विनय तिवारी को गोपालगंज जिले में एसडीपीओ सदर के पद पर तैनाती की गयी है.
चार पदाधिकारियों का तबादला
पटना : बिहार सरकार ने तीन आईएएस सहित चार पदाधिकारियों का तबादला किया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक भारतीय प्रशासनिक सेवा के मनोज कुमार शिक्षा विभाग में अपर सचिव के पद पर तैनात थे. अब उन्हें स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव बनाया गया है.
मनोज कुमार पर स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा. भारतीय प्रशासनिक सेवा के सुरेंद्र झा वित्त विभाग के भविष्य निधि निदेशालय में उप निदेशक थे. अब इन्हें राजस्व पर्षद में सचिव बनाया गया है.
आईएएस आलोक कुमार को बिहार राज्य जल विद्युत निगम में प्रबंध निदेशक बनाया गया है. अभी तक वह भारत संचार निगम लिमिटेड, भारत सरकार से रिलीव होकर प्रतिनियुक्ति के आधार पर राज्य में योगदान देकर पदस्थापना की प्रतीक्षा में थे. आलोक कुमार ब्रेडा के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे. इसके अलावा, आईपीएंडटीएएफएस सतीश चंद्र झा को शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है. अभी तक वह प्रतीक्षा में थे.
