पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की घटना
पटना : पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर रोड नंबर एक राजधानी अपार्टमेंट वाले रोड में मौजूद एक एटीएम मशीन वाले कमरे में आग लग गयी. घटना शनिवार की सुबह 10.30 से 11 बजे के बीच की है. अचानक तेज धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को जानकारी दी. करीब 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम दमकल के साथ पहुंची. काफी प्रयास के बाद आग तो बुझा लिया गया लेकिन एटीएम मशीन को बचाया नहीं जा सका. पूरी मशीन धू-धू कर जल गयी. सबकुछ राख में तब्दील हो गया.
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है. क्योंकि आग इतनी तेज थी की पल भर में सबकुछ जल गया. घटना के पीछे किसी प्रकार की साजिश तो नहीं है, इसकी जांच भी की जा रही है.
बैंक ऑफ इंडिया का था एटीएम, केस दर्ज : जिस एटीएम मशीन में आग लगी थी वह बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम था. बैंक अधिकारियों के मुताबिक उसमें दो दिन पहले पैसा डाला गया था. आग लगने से पहले उसमें 89 हजार रुपये मौजूद थे. लेकिन आग लगने के बाद सारा पैसा जल गया. घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि विद्युत शॉर्ट सर्किट से इतनी जल्दी आग कैसे फैल गयी.
फिलहाल बैंक अधिकारियों के आवेदन पर पुलस ने मामला दर्ज कर लिया है. मामले की छानबीन की जा रही है. थानेदार तारकेश्वर तिवारी ने घटना के संबंध में कहा कि एक दम से सबकुछ जलना संदेहास्पद लग रहा है. मामले की पड़ताल की जा रही है.
