मसौढ़ी : धनरूआ थाने के अवधारा मोड़ के पास रविवार को एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पटना स्थित एक ऑयल कंपनी के मैनेजर पर चाकू से दिनदहाड़े हमला कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया. बैग में व्यवसायियों से वसूली गयी तकादे की रकम करीब छह लाख रुपये थे.
इधर, सड़क किनारे बेहोश पड़े मैनेजर को राहगीरों ने धनरूआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और उसके मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बेहतर उपचार के लिए पीएमसीएच भेज दिया. सिटी एसपी (पूर्वी) ने घटना की पुष्टि की है . इधर, एसडीपीओ ने प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध बताया है. जानकारी के मुताबिक पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी वकील महाराज पटना के हंस बाबा ऑयल कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्यरत है.
वह अक्सर अपनी कंपनी के तकादे की राशि वसूलने मसौढ़ी आता था. रविवार को दोपहर भी वह मसौढी में स्टेशन रोड स्थित डालडा, तेल व चीनी के थोक व्यवसायी जयशंकर प्रसाद समेत अन्य कुछ व्यवसायियों से तकादे के करीब 6 लाख रुपये वसूल कर बाइक से पटना लौट रहा था. इसी दौरान अवधारा मोड़ के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर उससे रुपयों भरा बैग लूटने का प्रयास किया.
मैनेजर द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से उसकी कमर समेत अन्य अंगों पर वार कर उसे बेहोश कर दिया और उसे सड़क किनारे फेंक दिया. इसके बाद बदमाशों ने बैग से रकम निकाल ली और बैग को वहीं फेंक निकल भागे. मैनेजर को बेहोश देख राहगीरों ने उसे धनरूआ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और उसके मोबाइल से घरवालों को इसकी सूचना दी. इधर, धनरूआ पुलिस भी मौके पर पहुंची और ऑयल कंपनी के मालिक सह कंकड़बाग निवासी परमानंद सिंह भी वहां पहुंचे.
बदमाश पूर्व से ही कर रहे थे रेकी: िसटी एसपी
पुलिस ने मसौढ़ी के व्यवसायी जयशंकर प्रसाद से भी रकम के विषय में पूछताछ की. इधर, एसडीपीओ सोनू कुमार राय ने लूट को प्रथमदृष्टया संदेहास्पद बताया है.
उन्होंने बताया कि मैनेजर के पास मात्र 2 लाख 62 हजार चार सौ रुपये थे. उन्होंने बताया कि यदि मैनेजर मसौढ़ी से दोपहर 12 बजे निकल गया, तो उसे अवधारा पहुंचने में करीब सवा घंटे कैसे लगे, जबकि यह दूरी 30 से 40 मिनट में तय की जाती है.
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. इधर, सूत्रों के मुताबिक मैनेजर ने व्यवसायी जयशंकर प्रसाद के अलावा कम- से- कम दो अन्य व्यवसायियों से भी तकादे की मोटी रकम वसूली थी . इस बीच सिटी एसपी (पूर्वी) राजेंद्र कुमार भील ने बताया कि ऐसी आशंका है कि बदमाश पूर्व से ही मैनेजर की रेकी कर रहे थे.
