पटना : बारिश थमने के बाद अब धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. शुक्रवार को तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा. शहर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी काफी अधिक था. जो 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पूरे दिन काफी तेज धूप रही. लोग परेशान होते रहे. मौसम केंद्र की मानें तो अगले दो-तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा. इससे तेज धूप होने से परेशानी बढ़ने की संभावना है.
अभी 28 फीसदी कम है बारिश : बारिश का मौसम लगभग जाने की स्थिति में है. सितंबर के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है. मगर राज्य में अभी भी 19 फीसदी कम बारिश हुई है. वहीं राजधानी में ये कमी का आंकड़ा 28 फीसदी का है. राज्य में अब तक 920 एमएम बारिश के मुकाबले 780 एमएम बारिश हुई है. वहीं जिले में अब तक 835.7 एमएम के मुकाबले 568.3 एमएम हुई है.
