पाटलिपुत्र विवि. एएन कॉलेज से लेकर यूनिवर्सिटी ऑफिस तक हंगामा
वोकेशनल कोर्स की काउंसेलिंग प्रक्रिया पर लगाया गड़बड़ी का आरोप
पटना : पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी के वोकेशनल कोर्स के लिए आयोजित काउंसेलिंग प्रक्रिया के विरोध में सोमवार को छात्रों ने जम कर हंगामा किया. एएन कॉलेज से लेकर छात्रों ने यूनिवर्सिटी ऑफिस तक हंगामा किया. छात्रों ने वोकेशनल कोर्स में हुई काउंसेलिंग प्रक्रिया में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है. छात्रों ने कहा कि इसमें अनियमितता बरती गयी है. काउंसेलिंग मेरिट के अनुसार होने के बाद भी छात्रों को कई मुख्य विषयों में नामांकन की अनुमति नहीं दी गयी.
काउंसेलिंग में सीट खाली नहीं होने का बहाना बनाया गया. 18 को काउंसेलिंग प्रक्रिया में भाग लेने वाले छात्र को एएन कॉलेज में बीसीए नहीं दिया गया. जबकि, 23-24 सितंबर को हुई काउंसेलिंग में कई लोगों को एएन कॉलेज में बीसीए कोर्स एलॉट किया गया है. इस संबंध में राधे श्याम और सोनू सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने ज्ञापन दिया.
एडमिशन के लिए छात्राओं से ली जा रही है फीस : मौके पर एएन काॅलेज के छात्र संघ के सभी सदस्य व छात्र रवि सिंह राजपूत, शशि शेखर भी मौजूद थे. वहीं, छात्रों ने कहा कि ग्रेजुएशन में एडमिशन के लिए कॉलेजों में छात्राओं से फीस लिया जा रहा है, जो बिहार सरकार के पीजी छात्राओं के पीजी तक के मुफ्त शिक्षा को उल्लंघन है. एडमिशन के लिए छात्राओं से फीस नहीं लिया जाना चाहिए.
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कोई गड़बड़ी नहीं हुई है : परीक्षा नियंत्रक डॉ संजय कुमार ने कहा कि इस तरह का आरोप गलत है. छात्र कोर्स का चुनाव खुद कर सकते हैं. काउंसेलिंग के समय कोर्स और कॉलेजों में कितनी सीटें खाली हैं, सभी डिसप्ले कर रहा था. स्टूडेंट्स को उसी समय ध्यान देना चाहिए था. मेरिट के अनुसार ओपेन काउंसेलिंग थी. गड़बड़ी नहीं हुई है.
जिन्होंने फॉर्म ले लिया है, उनकी फीस में घट जायेगी फॉर्म की राशि
हंगामा कर रहे छात्रों ने कहा कि वोकेशनल कोर्स में कॉलेज एलॉट होने के बाद भी कॉलेज अपना एडमिशन फॉर्म बेच रहे हैं. जबकि, एडमिशन फॉर्म किसी कॉलेज को बेचना नहीं था. इस संबंध में भी प्रो संजय कुमार ने कहा कि वोकेशनल कोर्स में एडमिशन के लिए कॉलेज अलग से फॉर्म नहीं बेच सकते हैं. इस संबंध में सभी कॉलेजों को दिशा-निर्देश दिया गया है. सभी कॉलेजों को कहा गया है कि जो भी फॉर्म की बिक्री हो गयी है उसका पैसा फीस में घटा दिया जाये. कॉलेज को अलग से एडमिशन फॉर्म नहीं बेचना है. जिन्होंने फॉर्म लिया है वे फीस में घटा सकते हैं.
एएन कॉलेज में खाली रह जायेंगी 30 सीटें : एएन कॉलेज में बीसीए में 30 सीटें खाली रह जायेंगी. कॉलेज ने यूनिवर्सिटी को बीसीए के लिए सीट मैट्रिक्स में 120 सीटें ही दिखाया था.
कॉलेज के बीसीए कोर्स पर 120 छात्रों को एडमिशन के लिए अनुमति दे दी गयी है. लेकिन, कॉलेज प्रशासन ने 24 सितंबर को यूनिवर्सिटी प्रशासन को फोन पर सूचना दी की कॉलेज के बीसीए में 150 सीटें हैं. 120 सीटों को आंकड़ा गलत है
इस कारण 150 सीटों पर एडमिशन प्रक्रिया पूरी की जाये. इस पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने साफ मना कर दिया. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा कि अब कॉलेज के बीसीए के 30 सीटों पर एडमिशन नहीं होगा. क्योंकि, ओपेन काउंसेलिंग के कारण कम रैंक वाले छात्रों को बीसीए कोर्स मिल जायेगा.
