पटना : बेली रोड धंसने के मामले में बारिश का पानी दोषी करार, बाकी सब निर्दोष

करबिगहिया लोहिया पथ चक्र के निर्माण स्थल पर रोड धंसने की घटना की आ गयी रिपोर्ट पटना : बीते दिनों बारिश के दौरान लोहिया पथ चक्र के निर्माण स्थल पर बेली रोड धंसने की घटना की रिपोर्ट आ गयी है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम का मानना है कि इसमें किसी की गलती नहीं थी. […]

करबिगहिया लोहिया पथ चक्र के निर्माण स्थल पर रोड धंसने की घटना की आ गयी रिपोर्ट
पटना : बीते दिनों बारिश के दौरान लोहिया पथ चक्र के निर्माण स्थल पर बेली रोड धंसने की घटना की रिपोर्ट आ गयी है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम का मानना है कि इसमें किसी की गलती नहीं थी. पुल निर्माण के एमडी उमेश कुमार ने बताया कि बारिश में अचानक अत्यधिक पानी आने के कारण सड़क धंसने की घटना हुई थी. इसमें किसी एजेंसी या व्यक्ति विशेष को दोषी नहीं बनाया गया है. गौरतलब है कि सड़क धंसने के बाद सीएम ने उसका निरीक्षण किया था. पांच सदस्यों की टीम बनायी थी. उसी टीम की जांच रिपोर्ट में बारिश के पानी को कारण बताया गया है.
गड्ढे में पानी भरने से हुई घटना लेकिन यह पानी आया कहां से
बेली रोड पर लोहिया पथ चक्र बनाया जा रहा है. इस योजना को लेकर बेली रोड में कई जगहों पाइलिंग के काम चल रहे हैं. ये राज्य सरकार की काफी महत्वपूर्ण योजना है. बेली रोड धंसने का मामला बीपीएससी कार्यालय के पास हुआ था. इस दौरान पाइलिंग के लिए बने गड्ढे में पानी भरने से बाद दोनों तरफ की सड़क धंस गयी थी. हालांकि उस समय कोई वाहन वहां नहीं था. घटना रात की थी इसलिए कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गये थे.
आखिर इसमें अचानक से इतना पानी कहां से आ गया. योजना के डीपीआर में इसकी तैयारी क्यों नहीं थी. नगर निगम ने पानी को क्यों अचानक छोड़ दिया. पानी निकलने के लिए पहले से कोई नाला निर्माण क्यों नहीं किया गया था. निर्माण एजेंसी के पास पानी रोकने की क्या व्यवस्था थी. ऐसे कई मुद्दों पर सवाल किया गया था, लेकिन अब जांच रिपोर्ट में सभी निर्दोष हैं.
इधर तीन माह से रुका है मीठापुर-मंडी फ्लाईओवर का काम
शहर के इस फ्लाईओवर पर बीते चार वर्षों से पेच फंसा हुआ है. करबिगहिया से मीठापुर आने वाले फ्लाईओवरों को पूरा होने में कोई ना कोई समस्या सामने आ जा रही है. पहला फ्लैंक जमीन अधिग्रहण के पेच में फंसा हुआ है. इस पर हाईकोर्ट ने जमीन अधिग्रहण पर रोक लगा दी है. वहीं इसी फ्लाईओवर का दूसरा फ्लैंक एजेंसी की सुस्ती से लटका हुआ है. मीठापुर मंडी से करबिगहिया जाने वाले फ्लाईओवर का काम लगभग तीन माह से रुका हुआ है.
उपाय के बदले फाइल दे रहे हैं अधिकारी : प्रोजेक्ट का काम इरकॉन की ओर से किया जा रहा था. अब गया गुमटी पर एप्रोच रोड कैसे बनाया जायेगा, मीठापुर मंडी वाले फ्लाईओवर का काम कब तक पूरा होगा, इस पर अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है. पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि मीठापुर मंडी वाले फ्लाईओवर में अभी स्लैब का काम बाकी है. वहीं, गया गुमटी वाले प्रोजेक्ट का क्या होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >