पटना : बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने राज्य के सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तिथि व कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है. परीक्षा तीन अक्तूबर से आरंभ होकर नौ अक्तूबर तक चलेगी. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक होगी.
जबकि दूसरी पाली का समय दोपहर 1:00 से 3:00 बजे तक होगा. परीक्षा को लेकर परियोजना की ओर से विद्यालयों के लिए दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं.
इसके तहत पहली कक्षा के बच्चों का मौखिक मूल्यांकन किया जाना है. दूसरी से आठवीं कक्षा तक के बच्चों की लिखित परीक्षा होगी. परीक्षा के पश्चात संकुल स्तर पर 22 से 31 अक्तूबर तक उत्तरपुस्तिकाओं की जांच समेत रिपोर्ट कार्ड तैयार करने का कार्य किया जायेगा.
5 नवंबर को सभी विद्यालयों में पैरेंट्स-टीचर मीटिंग का आयोजन कर बच्चों की प्रगति की जानकारी दी जायेगी. साथ ही पढ़ने में कमजोर बच्चों के लिए विशेष शिक्षण की रणनीति का निर्धारण किया जायेगा. परियोजना की ओर से पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों का मूल्यांकन करने को लेकर सुझावात्मक दिशा-निर्देश भी जारी किये गये हैं.
