पटना : मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में ग्रामीण सड़कों के रखरखाव के लिए बन रही नयी मेंटेनेंस पॉलिसी का दायरा बढ़ेगा. अब मेंटेनेंस पॉलिसी में राज्य की सभी ग्रामीण सड़कें शामिल होंगी. ग्रामीण कार्य विभाग ने अबतक जितनी सड़कें बनायी हैं सभी का रखरखाव नयी पॉलिसी में किये जा रहे प्रावधान के अनुसार होगा. विभाग की 1.29 लाख किलोमीटर सड़कें हैं जिसमें से 75 हजार किलोमीटर से अधिक सड़क का निर्माण हो चुका है.
पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा की थी और निर्देश दिया था कि ग्रामीण सड़कों के रखरखाव के लिए एक पॉलिसी बनाएं. इसके बाद विभाग इस दिशा में सक्रिय हुआ. 2013 में विभाग में सड़कों की देखरेख के लिए पॉलिसी बनी थी.
पिछले दिनों विभाग ने मुख्यमंत्री के समक्ष नयी मेंटनेंस पॉलिसी का प्रेजेंटेशन दिया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने इसका दायरा और विस्तृत करने को कहा . पहले जो पॉलिसी तैयार हुई थी. उसमें विभाग की श्रेणी एक व दो की सड़कों को शामिल किया गया था.
