पटना : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश लेकर दिल्ली से पटना पहुंचे. स्वर्गीय अटल जी के अस्थि अवशेष को तीन दिनों तक बिहार की सभी प्रमुख नदियों में प्रवाहित किया जायेगा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा अस्थि कलश लेकर नयी दिल्ली से पटना पहुंचे. यहां वे वीरचंद पटेल पथ स्थित पार्टी कार्यालय लेकर गये. उनके पटना पहुंचने पर काफी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं.
अस्थि कलश को पार्टी प्रदेश मुख्यालय तक लाये जाने की यात्रा में केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा में मौजूद हैं. पार्टी कार्यालय में लोग अस्थि कलश दर्शन एवं नमन करने के लिए रखा गया है. अटल जी के अस्थि कलश को ले जाने के लिए रथ तैयार किया गया है. जिस पर अटल जी की तस्वीर के साथ साथ उनकी कवितायें लिखी हुई है. बीजेपी कार्यालय को पुरी तरह से अटल जी की तस्वीरों से पाट दिया गया है.
इससे पहले दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों को अटल जीकी अस्थि कलश सौंपी थी. जोअपने-अपने राज्य के विभिन्न नदियों में प्रवाहित करेंगे.पार्टी 23, 24 और 25 अगस्त को पूरे प्रदेश में उनका अस्थि अवशेष नदियों में विसर्जित करेगी. इसके लिए बक्सर, पटना, सिमरिया, अजगैबीनाथ सुल्तानगंज, भागलपुर में गंगा नदी, गया में फल्गू नदी, छपरा में घाघरा नदी, चंपारण और हाजीपुर में नारायणी नदी, पूर्णिया में महानंदा के तट पर श्रद्धांजलि सभा कर अटलजी की अस्थि को प्रवाहित किया जायेगा. पार्टी की ओर से 11 रथों द्वारा अस्थि कलश को राज्य के प्रत्येक जिले में आमजनों के दर्शनार्थ भाजपा प्रदेश मुख्यालय से रवाना किया जायेगा.
