पटना : पटना यूनिवर्सिटी में नया सत्र शुरू हो गया है. सत्र शुरू होने के साथ ही चुनाव की सरगर्मी भी तेज हो गयी है. सभी लोगों को इस बार पुन: छात्र संघ चुनाव होने की उम्मीद दिख रही है. क्योंकि पीयू कुलपति प्रो रास बिहारी प्रसाद सिंह पहले ही छात्र संघ चुनाव कराने की घोषणा कर चुके हैं.
लिंगदोह कमेटी की तरह ही पीयू के छात्र संघ के नियम में भी सत्र शुरू होने के छह सप्ताह के अंदर चुनाव की बात कही गयी है. इसी उम्मीद से पीयू में अभी से ही छात्र संगठन और छात्र नेता सक्रिय हो गये हैं. सभी को नये नियम के अनुसार चुनाव की उम्मीद दिख रही है. राज्यपाल भी सभी कुलपतियों को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि हर सत्र में छात्र संघ चुनाव जरूरी है. पीयू के छात्र नेता सितंबर में छात्र संघ चुनाव होने को लेकर उत्साहित हैं.
ग्रेजुएशन में पढ़ने वाले लड़ सकते हैं छात्र संघ चुनाव : पीयू में सितंबर मध्य तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव, कोषाध्यक्ष का चुनाव होगा. ग्रेजुएशन में पढ़ाई करने वाले भी छात्र संघ चुनाव लड़ सकते हैं.
लेकिन चुनाव लड़ने के लिए उनकी उम्र 22 वर्ष से अधिक नहीं रहनी चाहिए. पीजी में पढ़ रहे स्टूडेंट्स को चुनाव लड़ने के लिए 25 वर्ष, एलएलबी के स्टूडेंट्स के लिए 25 वर्ष, एलएलएम कर रहे स्टूडेंट्स के लिए 27 वर्ष और रिसर्च स्टूडेंट्स(पीएचडी) के लिए 28 साल उम्र निर्धारित है. इससे अधिक उम्र वाले चुनाव नहीं लड़ सकते हैं. इसके साथ ही किसी भी एक पेपर में फेल स्टूडेंट भी उम्मीदवार नहीं बन सकते हैं.
इस बार सही रहेगा कार्यकाल : पीयू में 17 फरवरी को छात्र संघ चुनाव हुआ था. राजभवन के निर्देश पर यह चुनाव हुआ था. लेकिन इस बार राजभवन द्वारा बनी नयी नियमावली के अनुसार ही सभी यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव होगा.
