पटना : जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव महिला अपराध पर ज्ञान न दें. शीशे के घर में रहकर दूसरों पर पत्थर नहीं फेंका जाता. राजद विधायक राजवल्लभ यादव महिला दुष्कर्म के आरोपित पार्टी के नवरत्नों में शामिल हैं. इसके बाद भी तेजस्वी महिला अपराध पर ज्ञान बांटने की कोशिश कर रहे हैं. जदयू के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि नाम बड़े और दर्शन छोटे की कहावत तेजस्वी पर सटीक बैठती है.
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे राजद के जंगलराज वाले शासनकाल की स्थिति उनके मेमोरीलॉस में चली गयी है. अगर तेजस्वी कमजोर स्मरण शक्ति से परेशान हैं तो दो विकल्प हैं. वह इसके लिए बेहतर न्यूरो फिजिशियन से परामर्श लें. अथवा राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के पास बैठकर जंगलराज की मेमोरी को रिफ्रेश कर लें. उनको यह याद रखना चाहिए कि इंसान का किया हुआ कर्म साये की तरह साथ चलता है. कोई लाख प्रयास कर ले. जंगलराज लालू परिवार का कर्म बन चुका है.
यह कर्म उनके परिवार के साथ साये की तरह रहेगा. उनको अपने मन का वहम दूर करना हो तो सरकारी बंगले से बाहर निकलना पड़ेगा. जदयू प्रवक्ता ने कहा कि मुजफ्फरपुर की घटना का खुलासा नीतीश कुमार की सरकार के ही प्रयास से हुआ और अब दोषियों पर कार्रवाई भी हो रही है. तेजस्वी केवल उस पर राजनीति कर रहे हैं. तेजस्वी को गलतहमी हो रही है कि इस मामले में सारी कार्रवाई उनके ही बयानों पर हो रही है.
