पटना : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गुरुवार को कहा है कि एक से 10 अगस्त तक चलने वाले वन महोत्सव के दौरान मोबाइल एप लांच किया जायेगा.
पौधारोपण करने वाले लोग इस पर पौधे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर सकेंगे. महोत्सव के दौरान हर जिले में पौधारोपण अभियान से जुड़े लोगों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया जायेगा. ‘बिहार पृथ्वी दिवस’ पर नौ अगस्त को राज्य के सभी विद्यालयों के छात्र पृथ्वी बचाने के संकल्प के साथ पौधारोपण भी करेंगे.
उन्होंने बताया कि वन महोत्सव के दौरान पर्यावरण व वन विभाग की साइट पर जाकर इस सेल्फी को कोई भी व्यक्ति देख सकेगा. सेल्फी जीयो टैग और अपलोड करने वालों के नाम, पते के साथ होगी. लगातार अगले दो साल तक लगाये गये उसी पौधे के साथ सेल्फी अपलोड करने वालों को सरकार पुरस्कृत करेगी. वन महोत्सव के दौरान सभी जिलों में वैसे लोगों की पहचान करने का उन्होंने निर्देश दिया जो स्वैच्छिक तौर पर पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण के कार्य में लगे रहते हैं.
