पटना : कृष्णा घाट से गंगा पाथ-वे के बीच दो लेन का संपर्क पथ बनाया जायेगा. इसके लिए पटना विश्वविद्यालय की जमीन ली जायेगी. संपर्क पथ की डिजाइन ऐसी होगी कि विवि के भवनों की कम-से-कम क्षति हो.
इसके अलावा पटना साइंस कॉलेज की दाहिनी तरफ से संपर्क पथ मिलाने के लिए चहारदीवारी को तोड़ कर नयी चहारदीवारी खड़ी की जायेगी. बुधवार को डीएम कुमार रवि ने विभिन्न घाटों से बननेवाले संपर्क पथ को लेकर कृष्णा घाट का निरीक्षण किया.
उनके साथ बीएसआरडीसी के डीजीएम अरुण कुमार भी मौजूद थे. उन्होंने बीएसआरडीसी को निर्देश दिया कि संपर्क पथ बनाने में तेजी लायी जाये. ताकि, पाथ-वे निर्माण के साथ ही संपर्क पथ भी विकसित किया जा सके.
उन्होंने निरीक्षण के साथ विवि के पूर्व कुलपति, रजिस्ट्रार व बीएसआरडीसी के अभियंताओं के साथ बैठक कर संपर्क पथ के डिजाइन को भी साझा किया. कृष्णा घाट से गंगा पाथ-वे तक अंडरग्राउंड
बिजली जायेगी. संपर्क पथ को अशोक राजपथ से जोड़ा जायेगा. कृष्णा घाट के अलावा शहर के सात घाट मसलन एलसीटी, पीएमसीएच, गायघाट, कंगन व पटना घाट आदि से संपर्क पथ बनाया जाना है. सभी संपर्क पथ अशोक राजपथ व गांधी मैदान कुर्जी मार्ग से जुड़ेंगे.
