पटना : मीठापुर बस स्टैंड की चूंगी वसूली का ठेका लेने वाली एजेंसी से कमीशन मांगने का एक आॅडियो क्लिप वायरल हुआ है.इसमें पूरी बातचीत है, इसमें पुलिस अपने कमीशन की बात कर रही है और बदले में चूंगी वसूली ठीक-ठाक से चलते रहने का आश्वासन दे रही है. इस आॅडियो के जरिये यह दावा किया गया है कि चूंगी का ठेका लेने वाली ऐजेंसी के डायरेक्टर से जक्कनपुर थानेदार अबरार अहमद की बातचीत हो रही है. हालांकि यह जांच का विषय है कि वायरल आॅडियो इंस्पेक्टर की ही है या फिर किसी और की.
इंस्पेक्टर ने इस आरोप को
खारिज किया है. उन्होंने इस तरह के किसी भी बातचीत से इन्कार किया है. दरअसल चूंगी वसूली कीनिविदा अनुदिश डेवलपमेंट कंपनी को मिली है. यह टेंडर 1 करोड़ 92 लाख में हुआ है. लेकिन कंपनी के डायरेक्टर अतिरेक सलील को यहां वसूली करना भारी पड़ रहा है.
यह तरफ मीठापुर बस स्टैंड में दुकानदारों का अवैध अतिक्रमण है जिसे पुलिस हटवाना नहीं चाहती है, दूसरी तरफ पुलिस चूंगी ठेकेदार से अपना कमीशन सेट करने में लगी हुई है. वहीं कई अपराधी भी अतिरेक सलील को फोन कर चुके हैं कि उन्हें भी रंगदारी चाहिए. फिलहाल जिस वायरल आॅडियो में कमीशन की सेटिंग का दावा किया जा रहा है जक्कनपुर थाने से जुड़ा बताया जा रहा है.
आॅडियो और वीडियो टेपिंग बनेगी मुसीबत
पुलिस वसूली का मोह नहीं छोड़ पा रही है. लेकिन फोन परजिस तरह से पुलिस कमीशन की सेटिंग कर रही है उससे नित्य नये मामले सामने आ रहे हैं और पुलिस बेनकाब हो रही है.
बाइपास और अगमकुआं थाने का केस पुराना भी नहीं हुआ है कि अब जक्कनपुर थाने का मामला सामने अाया है. आॅडियो और वीडियो के जरिये आम लोगों के हाथों पुलिस वाले ट्रैप हो रहे हैं. फिलहाल अभी तक पटना के किसी अधिकारी ने इस आडिया का संज्ञान नहीं लिया है. लेकिन अगर मामले की जांच हुई तो जक्कनपुर थाने के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तय है.
डीआईजी करेंगे समीक्षा
यह आॅडियो ऐसे मौके पर वायरल हुआ जब डीआईजी महकमे को सुधारने के प्रयास में जुटे हुए हैं. बेहतर कार्य की बदौलत थानों की ग्रेडिंग की बात चल रही है.
9 जुलाई को पटना रेंज के डीआईजी द्वारा दी गयी डेड लाइन भी पूरी हो रही है. डीआईजी थाने के प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मियों के कार्यों की समीक्षा करेंगे. थानों की ग्रेडिंग होगी, ग्रेडिंग में शुरुआती फस्ट, सेकेंड और थर्ड पोजिशन रखने वाले सम्मानित होंगे और लास्ट के तीन थानों को लाइन हाजिर किया जायेगा.
