पटना : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि दीघा आर ब्लॉक रेललाइन की 71 एकड़ जमीन की सौगात के बाद बिहार को भारत सरकार की आईटीडीसी के होटल पाटलिपुत्र अशोक की डेढ़ एकड़ जमीन सहित भवन जल्द ही मिलेगा.
जमीन व भवन हस्तांतरित होने के बाद बिहार सरकार निर्णय लेगी कि स्वयं या पीपीपी मोड में किस तरह से इसका संचालन किया जाये. 26 मई, 1973 को बिहार सरकार के राजस्व व भूमि सुधार विभाग ने पटना के प्राइम लोकेशन पर भारत सरकार के पर्यटन विभाग को नि:शुल्क डेढ़ एकड़ जमीन विभिन्न शर्तों के अधीन लीज पर दी थी. भारत सरकार आईटीडीसी के अन्तर्गत संचालित विभिन्न होटलों का विनिवेश करने जा रही है, जिसमें पटना का होटल पाटलिपुत्र अशोक भी है.
19 जून को दिल्ली में आईटीडीसी की प्रबंध निदेशक रश्मि वर्मा और बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव रवि परमार के बीच होटल को पुनर्मूल्यांकित लागत मूल्य 13 करोड़ में बिहार सरकार को सौंपने पर सहमति बनी है. पहले जमीन सहित होटल का मूल्यांकन 28.5 करोड़ किया गया था. बिहार की ओर से आईटीडीसी को स्मरण दिलाया गया कि जमीन तो नि:शुल्क लीज पर दी गयी है.
