सीसीटीवी फुटेज से युवक की शिनाख्त
दानापुर : सैनिक प्रमोद सिंह की पत्नी रीना देवी का एटीएम कार्ड बदल कर अज्ञात युवक ने 40 हजार रुपये निकाल लिये. इस संबंध में शाहपुर निवासी रीना देवी ने स्थानीय थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. दर्ज प्राथमिकी में रीना देवी ने बताया है कि शाहपुर स्थित एसबीआई की एटीएम से शुक्रवार को रुपये की निकासी की.
इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने हेराफेरी कर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उन्हें इसका पता नहीं चला. वह धोखे में दूसरा एटीएम कार्ड अपना समझ कर घर लेकर चली गयीं. उन्होंने बताया कि एटीएम कार्ड के पीछे पिन कोड लिखा था. शनिवार को मोबाइल फोन पर खाते से 40 हजार रुपये निकासी का मैसेज आया. मैसेज देख कर उनके होश उड़ गये.
उन्होंने बताया कि चार बार में उनके खाते से 40 हजार रुपये की निकासी की गयी. थानाध्यक्ष विकास चंद्र यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है. उन्होंने बताया कि एटीएम में सीसीटीवी के फुटेज से युवक की शिनाख्त की गयी है.
