लेटलतीफी : दो दिनों से अस्त-व्यस्त हो गया है ट्रेनों का परिचालन
पटना : पिछले तीन दिनों से लगातार कुहासा छाया हुआ था, लेकिन रविवार को कम हुआ. इस कुहासे में ट्रेनों की परिचालन अस्त-व्यस्त हो गयी है. दो दिनों से जंक्शन आनेवाली या फिर जंक्शन से होकर गुजरनेवाली अमूमन एक्सप्रेस ट्रेनें पांच से 20 घंटे विलंब से जंक्शन पहुंच रही है. रविवार को भी कमोबेश यही स्थिति रही. इससे रेल यात्री परेशान होना शुरू हो गये हैं. रविवार को रेल मंडल की कई ट्रेनें घंटों विलंब से जंक्शन पहुंची. इसमें सिर्फ राजेंद्र नगर- नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को निर्धारित समय शाम 7:00 बजे रवाना किया गया.
इसके अलावा मगध व संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को रि-शेड्यूल कर रवाना किया गया.राजेंद्र नगर से दिल्ली के लिए खुलनेवाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस का राजेंद्र नगर से शाम 5:30 बजे रवाना होने का निर्धारित समय है. लेकिन, दिल्ली से आनेवाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस रविवार को करीब 11 घंटे की देरी से पहुंची. इससे शाम को खुलनेवाली ट्रेन को 11 घंटे रि-शेड्यूल करते हुए सोमवार सुबह 5 बजे रवाना करने का समय निर्धारित की गयी. वहीं, इस्लामपुर से पटना होते हुए दिल्ली जानेवाली मगध का शाम 6:10 बजे रवाना होने का समय है, लेकिन रात्रि 10:30 बजे रवाना की गयी. साथ ही विक्रमशिला एक्सप्रेस शाम 4:55 के बदले 9:30 बजे रवाना हुई. इससे इन ट्रेनों के यात्रियों को घंटों प्लेटफॉर्म पर इंतजार करने को मजबूर होना पड़ा.
साफ मौसम के बाद भी देर से उड़े 12 विमान
रविवार को साफ मौसम के बावजूद भी पटना से उड़ने वाली पहली फ्लाइट गो एयर की जी8-134 निधार्रित समय सुबह 8.25 बजे की बजाय 45 मिनट देर से 9.10 बजे उड़ी. उसके बाद 11 अन्य फ्लाइट भी देर से उड़े, जिनमें चार इंडिगो, तीन जेट एयरवेज, दो गो एयर और एक एक स्पाइसजेट और एयर इंडिया की थी. देर होने वाले अन्य विमानों में नौ दिल्ली जा रही थी जबकि दो कोलकाता और एक रांची. विमानों की देरी 20 मिनट से दो घंटे के बीच रही. दिल्ली को जाने वाली फ्लाइट के लेट होने से वहां रनवे का हेवी कनजेशन रहा.
इसके कारण वहां उतरने वाले विमानों का एक लंबा क्यू लगा था. उससे बचने के लिए पटना से दिल्ली जाने वाली कई फ्लाइट देर से रवाना हुई. कोलकाता और रांची जाने वाले विमानों के देरी की वजह भी दिल्ली का असर ही रहा. विमानों के देर से उड़ने के कारण कई यात्री बहुत परेशान दिखे. खासकर वैसे यात्री जिनको कनेक्टिंग फ्लाइट लेकर कहीं और जाना था.
