Patna Crime News: पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में मजदूर दिवस के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. राजा पुल के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. इस वारदात ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को, बल्कि पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया.
मृतक की पहचान मैनपुरा निवासी 31 वर्षीय शिव शंकर चौहान के रूप में हुई है. वह पेशे से राजमिस्त्री थे और पहले ऑटो चलाकर भी अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मेहनत ही परिवार की रोजी-रोटी का सहारा थी.
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. मेहंदी और अन्य रस्मों के बीच पूरा परिवार खुशियों में डूबा हुआ था. रात करीब 2 बजे सभी लोग सो गए. सुबह 4 बजे के आसपास शिव शंकर चाय पीने के लिए घर से निकले, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे.
सुबह मिली लाश, मच गया कोहराम
करीब 6 बजे परिजनों को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक शव पड़ा है. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वह शिव शंकर ही हैं. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी का घर मातम में बदल गया.
CCTV में कैद बर्बर पिटाई
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने इस हत्या की भयावहता को उजागर कर दिया है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि 5 बदमाश और एक महिला मिलकर शिव शंकर को गली में दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीट रहे हैं. हालांकि, इस हमले के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है.
घटना के वक्त पास में चल रही थी रस्म
परिजनों का कहना है कि जिस समय यह वारदात हुई, उसी इलाके में पास में हल्दी की रस्म चल रही थी. यानी खुशियों के माहौल के बीच यह खौफनाक घटना अंजाम दी गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिव शंकर अपने पीछे पत्नी अर्चना देवी और दो छोटे बच्चों, 5 साल का बेटा और 9 साल की बेटी को छोड़ गए हैं. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी का दावा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read: BPSC प्रिलिम्स परीक्षा का बदला नियम, फिर मिलेगा ‘E’ ऑप्शन, ऐसा करने पर कटेंगे मार्क्स
