'जब तक बेटियां घर नहीं पहुंचेंगी, पुलिस नहीं सोएगी...', CM सम्राट बोले- हर पंचायत में बैठेंगे अफसर, सुनेंगे समस्या

Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेटियों की सुरक्षा पर सख्त रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि जब तक छात्राएं स्कूल और कॉलेज से सुरक्षित घर नहीं पहुंचेंगी, तब तक पुलिस अलर्ट रहेगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.

Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को गया पहुंचकर प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की. वे करीब 15 मिनट तक मंदिर के गर्भगृह में रहे और विशेष पूजा की. इसके बाद मुख्यमंत्री ई-रिक्शा से विष्णुपद कॉरिडोर का निरीक्षण करने निकले.

इस दौरान समर्थकों ने ‘सम्राट चौधरी जिंदाबाद’ के नारे लगाए. भीड़ में कुछ लोगों ने हाल के एनकाउंटर को लेकर सवाल भी किए. एक शख्स ने कहा सम्राट जी आपके आते ही एनकाउंटर हो रहे हैं. इस पर मुख्यमंत्री बिना कोई प्रतिक्रिया दिए मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए.

सीएम ने राजकीय मेले का किया उद्घाटन

विष्णुपद मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री महाबोधि मंदिर में दर्शन किए. गया दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. इससे पहले मुख्यमंत्री ने नालंदा के परनावा गांव में श्री शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर आयोजित राजकीय मेले का उद्घाटन किया. यहां उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया.

बेटियों की सुरक्षा पर सीएम ने क्या कहा?

सभा में मुख्यमंत्री ने अपराधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां जब तक स्कूल-कॉलेज से घर नहीं लौटेंगी, तब तक पुलिस जागती रहेगी. 19 मई से हर पंचायत में अफसर बैठेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे. ब्लॉक, अंचल और थाने से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा.

नीतीश और मोदी के रास्ते पर चलने की बात

अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि वे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. नीतीश जी ने बिहार को संवारने का काम किया है. मैं उसी राह पर चलते हुए प्रधानमंत्री मोदी के विजन के साथ राज्य को आगे ले जाऊंगा.

हर जिले में खुलेंगे मॉडल स्कूल

मुख्यमंत्री ने शिक्षा को लेकर भी बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि हर जिले में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे, जहां गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा कि जब इन स्कूलों में पढ़ने के लिए सिफारिशें आने लगेंगी, तब वे इसे सफलता मानेंगे.

2030 तक 5 करोड़ रोजगार का लक्ष्य

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में 2030 तक 5 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने की योजना भी साझा की.

सोशल मीडिया पर लिखा- अधर्म का नाश हो

गया दौरे से पहले मुख्यमंत्री पटना के बुद्ध स्मृति पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने बुद्ध जयंती के अवसर पर भगवान बुद्ध को नमन किया. बारिश के बीच उन्होंने पूजा-अर्चना की. इस दौरान डिप्टी CM विजय चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने दिन की शुरुआत अपने आवास पर सत्यनारायण कथा सुनकर की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- अधर्म का नाश हो.

Also Read: ED डायरेक्टर बन DM को लगाया फोन, पटना से गिरफ्तार हुआ शातिर जालसाज, पहले भी जज बनकर कर चुका है ठगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >