पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थाियों को जल्द ही आधार कार्ड से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करने और जल्द से जल्द उन्हें पेंशन के लाभ मुहैया कराने के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन लाभार्थाियों के दस्तावेजों का सत्यापन हो गया है उनके बकाया राशि का भुगतान किया जाए.
मुख्यमंत्रीनीतीश कुमार द्वारा कल शाम सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के बारे में मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिन्हा ने आज कहा कि निर्णय किया गया कि वर्तमान में पेंशन का हर तीन महीने पर भुगतान किया जाएगा और जल्द ही इसे मासिक कर दिया जाएगा. समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, संबंधित विभाग की मंत्री मंजू वर्मा, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिन्हा और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
नीतीश कुमार कल से ही विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर रहे हैं ताकि पिछले हफ्ते राजग के साथ मिलकर बनायी गयी नयी सरकार में विकास की प्रक्रिया को तेज किया जा सके. महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि राज्य में दहेज और बाल विवाह के खिलाफ दो अक्तूबर से व्यापक अभियान चलाया जाएगा.
ये भी पढ़ें… तेजस्वी ने शिक्षा व्यवस्था में गिरावट के लिए नीतीश को बताया जिम्मेवार, RJD पर बरसा JDU
