Patna News : दानापुर में ऑल इंडिया एंग्लो-इंडियन एसोसिएशन एवं सेंट डोमिनिक सैवियो हाई स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को 20वीं मॉली गॉल्स्टन इंटर-स्कूल स्विमिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में पटना के 10 से अधिक प्रमुख स्कूलों के 100 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया.
खेल भावना के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार राज्य तैराकी संघ के मानद सचिव राम विलास पांडेय, बिहार बहु-दौड़ संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह, पूर्व सैनिक एवं तैराकी कोच विनोद कुमार तथा ऑल इंडिया एंग्लो-इंडियन एसोसिएशन की अध्यक्ष ग्लैंडा गॉल्स्टन ने संयुक्त रूप से किया. अतिथियों ने प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया.
विभिन्न स्पर्धाओं में दिखा प्रतिभा का दम
प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई और रिले रेस सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन हुआ. छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
सेंट माइकल्स बना ओवरऑल चैंपियन
समापन समारोह में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने विजेताओं को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में सेंट माइकल्स हाई स्कूल ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता. सेंट डोमिनिक सैवियो हाई स्कूल उपविजेता तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वितीय उपविजेता रहा. डीपीएस (ईस्ट) के आयुष कुमार को बेस्ट कोच का पुरस्कार प्रदान किया गया.
विजेताओं को किया गया सम्मानित
विभिन्न आयु वर्गों और स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागियों को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में सेंडा इलिस, ग्रेग गॉल्स्टन, नेविल फिलिप्स, रसल फिलिप्स, कार्लाइल पीटर्स, डेनिस फ्लेमिंग, मार्लन इलिस, रॉनल्ड, मोना डेविड, ब्लॉजम स्टार्क सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
