Patna News: बिहार की राजधानी पटना अब अपनी पुरानी पहचान छोड़कर एक ‘ग्लोबल सिटी’ के रूप में सजने जा रही है. बिहार सरकार और नगर निगम ने एक ऐसा मास्टर प्लान तैयार किया है, जिससे पटना जंक्शन से लेकर एयरपोर्ट तक का रास्ता न सिर्फ अतिक्रमण मुक्त होगा, बल्कि रात के वक्त दूधिया रोशनी और फाउंटेन की फुहारों से जगमगाएगा.
बजट में इसके लिए करोड़ों की राशि आवंटित कर दी गई है, जो शहर की सूरत और सीरत दोनों बदल देगी.
जंक्शन से निकलते ही बदलेगा पहला नजारा
पटना जंक्शन से बाहर निकलते ही जो पहली तस्वीर जेहन में आती है, वह है बेतरतीब दुकानें और भीड़भाड़. अब यह बदलने वाला है. जीपीओ से लेकर स्टेशन गोलंबर तक के पूरे इलाके को ‘मल्टी मॉडल हब’ के तौर पर विकसित किया जा रहा है.
न्यू मार्केट का कायाकल्प कर वहां एक बहुमंजिला इमारत बनाई जाएगी, जिसमें व्यवस्थित दुकानों के साथ-साथ एक शानदार रेस्तरां और छोटा पार्क भी होगा. जंक्शन के ठीक सामने बन रहा तिकोना पार्क सैलानियों के लिए पहला ‘सेल्फी पॉइंट’ बनेगा, जिससे स्टेशन से बाहर निकलते ही आपको एक व्यवस्थित और सुंदर शहर का अहसास होगा.
फाउंटेन सिटी बनने की ओर बढ़ता पटना
मेयर सीता साहू के विजन के अनुसार, पटना को ‘फाउंटेन सिटी’ के रूप में पहचान दिलाई जाएगी. शहर के प्रमुख गोलंबरों पर दर्जनों नए फाउंटेन (फव्वारे) लगाए जा रहे हैं. खास बात यह है कि करीब 25 करोड़ रुपये सिर्फ स्ट्रीट लाइटों और उनके ऑटोमेशन पर खर्च होंगे, जिससे सूर्यास्त के बाद पूरी राजधानी रोशनी से नहाई हुई दिखेगी.
गंगा घाटों से लेकर शहर के भीतरी इलाकों तक हरियाली बढ़ाने के लिए विशेष ग्रीन प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है. सरकार की कोशिश है कि आम नागरिक भी इस मुहिम से जुड़ें और पटना को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
हरियाली, लाइटिंग और तालाबों पर खास फोकस
इस पूरे मास्टर प्लान में हरियाली बढ़ाने, तालाबों के पुनर्विकास और आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग पर खास ध्यान दिया गया है. शहर में ऑटोमेशन और स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम लागू किए जाएंगे, जिससे रात में पटना और भी जगमग नजर आएगा.
Also Read: मुंबई में 35 मंजिला बनेगा बिहार भवन, 314.20 करोड़ रुपये की लागत से इस साल शुरू होगा निर्माण
