Patna Metro: सीएम सम्राट चौधरी के आदेश के बाद पटना मेट्रो का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है. इस बीच मोइनुल हक स्टेडियम और राजेंद्र नगर टर्मिनल के बीच 681 मीटर लंबा अंडरग्राउंड टनल बनकर तैयार हो गया है. इस टनल का निर्माण टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम)-04 के माध्यम से किया गया. इसके पूरा होने से पटना मेट्रो के अंडरग्राउंड नेटवर्क के विस्तार को नई गति मिली है.
पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी क्या बोले?
पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (पीएमआरसीएल) के एमडी संदीप कुमार आर पुडकालकट्टी ने इस उपलब्धि को परियोजना के लिए महत्वपूर्ण बताया. कहा कि टनल निर्माण का यह फेज तय लक्ष्य की दिशा में एक बड़ी प्रगति है. इससे परियोजना के बाकी के काम को तय समय के अंदर पूरा करने में मदद मिलेगी.
उन्होंने निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को सभी काम तय समय सीमा के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया. एमडी ने कहा कि पटना मेट्रो राज्य की सबसे महत्वपूर्ण शहरी परिवहन परियोजनाओं में शामिल है. इसके शुरू होने के बाद पटना के यात्रियों को सुरक्षित, तेज और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी.
कब तक पूरा होगा टनल का निर्माण?
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, मलाही पकड़ी स्टेशन के आगे राजेंद्र नगर टर्मिनल तक करीब 750 मीटर लंबा रैंप बनाया जाना है. राजेंद्र नगर टर्मिनल से मोइनुल हक स्टेडियम के बीच डाउन लाइन टनल का निर्माण पूरा हो चुका है. इससे पहले मोइनुल हक स्टेडियम से पटना यूनिवर्सिटी तक अप और डाउन दोनों लाइन के टनल तैयार किए जा चुके हैं.
पटना यूनिवर्सिटी से पीएमसीएच होते हुए गांधी मैदान तक टनल निर्माण का काम जारी है. जबकि गांधी मैदान से आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक भी अंडरग्राउंड टनल का निर्माण तेज कर दिया गया है. अधिकारियों का दावा है कि प्राथमिकता वाले कॉरिडोर में इस साल के अंत तक टनल निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद ट्रैक बिछाने, विद्युत व्यवस्था, सिग्नलिंग और स्टेशन फिनिशिंग जैसे काम पर जोर दिया जाएगा.
Also Read: बिहार में लागू हुई रैयती भूमि क्रय नीति, डीएम और प्रमंडलीय आयुक्त को मिला यह पावर
