Patna Metro: पटना वासियों के लिए मेट्रो का सपना अब हकीकत के बेहद करीब पहुंच गया है. शहर के मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर अंतिम फायर सेफ्टी जांच का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. सुरक्षा मानकों की इस कड़ी परीक्षा में स्टेशन के अग्नि शमन यंत्रों से लेकर आपातकालीन रास्तों तक को बारीकी से परखा गया.
इस सफल जांच के बाद अब स्टेशन को जल्द ही ‘फायर एनओसी’ मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद कमिश्रर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) की टीम अंतिम मुहर लगाएगी.
सुरक्षा जांच ने बढ़ाया भरोसा
मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर फायर डिटेक्शन और फायर प्रोटेक्शन सिस्टम की विस्तृत जांच की गई. जांच टीम ने इलेक्ट्रिकल उपकरणों, स्मोक डिटेक्शन सिस्टम और इमरजेंसी सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि स्टेशन किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार है.
आपातकालीन निकासी मार्गों और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का भी परीक्षण किया गया, जिससे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा सके.
स्टेशन के हर हिस्से की हुई बारीक जांच
निरीक्षण के दौरान प्रवेश-निकास द्वार, पंप रूम, ग्राउंड फ्लोर, कॉनकोर्स लेवल और प्लेटफॉर्म लेवल समेत सभी महत्वपूर्ण हिस्सों को शामिल किया गया.अधिकारियों ने यह देखा कि किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित न हो.
यह जांच स्टेशन के संचालन से पहले सबसे अहम प्रक्रियाओं में से एक माना जाता है, क्योंकि इसके बिना यात्रियों के लिए सेवा शुरू नहीं की जा सकती.
फायर एनओसी के बाद अगली बड़ी बाधा
फायर सेफ्टी निरीक्षण फायर एनओसी प्राप्त करने की अंतिम प्रक्रिया है. एनओसी मिलने के बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी का जांच होगा, जो संचालन से पहले अंतिम तकनीकी स्वीकृति देता है. इस निरीक्षण के बाद स्टेशन चालू करने की राह काफी आसान हो जाएगी और पटना मेट्रो के पहले चरण के उद्घाटन की दिशा में बड़ा कदम माना जाएगा.
यह निरीक्षण अग्निशमन विभाग के निदेशक रितेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में हुआ. इस दौरान पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे. दोनों एजेंसियों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और संचालन की तैयारी तेज हो चुकी है.
शहर के लिए क्यों अहम है यह स्टेशन
मलाही पकड़ी स्टेशन पटना के घनी आबादी वाले इलाकों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण स्टेशन माना जा रहा है. इसके शुरू होने से शहर के पूर्वी हिस्से के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और जाम-मुक्त यात्रा का विकल्प मिलेगा.
पटना मेट्रो के इस स्टेशन की प्रगति से साफ है कि राजधानी में मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं रहने वाला है.
Also Read: Orion या Unitree Go2! एआई समिट में विवाद की जड़ स्मार्ट रोबोट डॉग का असली सच क्या है?
