Patna Metro: पटना के लिए इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने को हैं. मलाही पकड़ी से खेमनीचक के बीच मेट्रो परिचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव और मेट्रो के एमडी संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी की हाई-लेवल समीक्षा बैठक के बाद अब 28 फरवरी की तारीख पर सबकी नजरें टिकी हैं.
यह वह दिन है जब सुरक्षा आयुक्त की अंतिम मुहर लगते ही पटना मेट्रो के पहले चरण का औपचारिक आगाज हो जाएगा. जंक्शन पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों और टनल निर्माण की नई लहर के बीच पटना अब एक ग्लोबल सिटी की कतार में खड़ा होने के लिए तैयार है.
28 फरवरी की डेडलाइन
पटना मेट्रो की प्रगति को लेकर सोमवार को एक अहम बैठक हुई जिसमें अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि क्वालिटी से समझौता किए बिना काम को समय पर पूरा करना ही एकमात्र लक्ष्य है. मलाही पकड़ी और खेमनीचक स्टेशनों के बीच बिजली और फायर सेफ्टी का काम सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है. अब बस 28 फरवरी को होने वाली ‘सुरक्षा आयुक्त जांच’ (CMRS Inspection) का इंतजार है. जैसे ही यह अंतिम हरी झंडी मिलेगी, मार्च के पहले सप्ताह से ही पटना के लोग मेट्रो की सुलभ और तेज यात्रा का आनंद उठा सकेंगे.
मलाही पकड़ी–खेमनीचक सेक्शन तैयार, बस अंतिम मंजूरी बाकी
नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह मेट्रो एमडी संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने प्रोजेक्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए. अधिकारियों के अनुसार मलाही पकड़ी से खेमनीचक तक परिचालन के लिए सभी तकनीकी जांच पूरी कर ली गई है.
अब केवल सुरक्षा आयुक्त की मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद यात्री सेवा शुरू करने की तैयारी है.
अप्रैल में पटना जंक्शन क्षेत्र में तेज होगी खुदाई
प्रोजेक्ट के अगले चरण में सुरंग निर्माण की रफ्तार बढ़ने वाली है. पटना जंक्शन के पास स्टेशन और टनल निर्माण के लिए अप्रैल में चौथी टनल बोरिंग मशीन लाई जाएगी. इसके बाद पटना जंक्शन से मीठापुर लाइन के बीच कनेक्टिविटी के लिए खुदाई शुरू होगी. राजेंद्र नगर क्षेत्र में भी अगले 20 दिनों के भीतर टनल निर्माण की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है.
रेल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना जंक्शन परिसर में अवैध प्रवेश मार्गों को बंद कर दिया गया है. निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के अधिकारियों को ऐसे रास्ते मिले थे, जिनसे असामाजिक तत्वों के आने की आशंका थी. क्लॉक रूम के पास का प्रवेश द्वार तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है, जबकि गेट संख्या 4 सहित दो अन्य अनधिकृत रास्तों पर भी रोक लगा दी गई है.
पटना मेट्रो का पहला चरण शुरू होते ही शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. खासकर पूर्वी पटना के लोगों के लिए यह सेवा राहत साबित होगी, जिससे सड़क जाम और यात्रा समय दोनों कम होने की उम्मीद है.
Also Read: 23 मार्च तक बिहार से 4 राज्यों के लिए चलेंगी AC बसें, टिकट पर मिलेगी सब्सिडी, यहां देखें डिटेल
