Reel Making Death: नवादा और वारिसलीगंज के बीच सोमवार को रेलवे ट्रैक पर 22 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रेलवे ट्रैक के पास रील बना रहा था. इसी दौरान डाउन लाइन से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, पुलिस ने घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच की जा रही है.
स्टेशन मास्टर को मिली घटना की सूचना
घटना की सूचना सोमवार दोपहर नवादा स्टेशन मास्टर नीरज कुमार को मिली. इसके बाद आरपीएफ के आरक्षी कुमार गौरव को घटनास्थल पर भेजा गया. नगर थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गयी.
करीब 2:45 बजे ट्रैक से हटाया गया शव
घटनास्थल पर पहुंचे कीमैन सऊदी मांझी ने करीब 2:45 बजे शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर किनारे किया. युवक के सिर में गहरा जख्म था और उसका बायां हाथ टूटा हुआ था. वह काले रंग की टी-शर्ट और मटमैले रंग की पैंट पहने हुए था.
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
नगर थाना पुलिस ने शव की तलाशी ली. इस दौरान आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान लालू कुमार (22), पिता महेंद्र चौधरी, ग्राम करनपुर, थाना गोविंदपुर, जिला नवादा के रूप में हुई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के कारण रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
