नवादा: NH-20 पर तीन किलोमीटर के यू-टर्न से बचने के लिए रॉन्ग साइड चल रहे वाहन, हादसों का बढ़ा खतरा

NH-20 पर हरदिया के जाजपुर मोड़ से बांके मोड़ के बीच यू-टर्न की कमी के कारण वाहन चालक जानलेवा शॉर्टकट अपना रहे हैं. रॉन्ग साइड ड्राइविंग से सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है, खासकर टोटो और बाइक सवारों के लिए. स्थानीय लोगों ने अतिरिक्त कट और यू-टर्न की मांग की है.

Nawada Wrong Side Driving: एनएच-20 पर हरदिया के जाजपुर मोड़ से बांके मोड़ के बीच इन दिनों सफर करना किसी बड़े खतरे से खाली नहीं है. सड़क की बनावट और यू-टर्न की कमी के कारण वाहन चालक लगातार यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने से बचने के लिए कई वाहन चालक धड़ल्ले से उल्टी दिशा यानी रॉन्ग साइड में वाहन चला रहे हैं. इससे इस मार्ग पर सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है. बीते गुरुवार को भी दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए थे. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन रॉन्ग साइड वाहन परिचालन के कारण दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है.

तीन किलोमीटर की दूरी से बचने का जानलेवा शॉर्टकट

इस मार्ग पर यू-टर्न की कमी स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है. वर्तमान में एक यू-टर्न अनुमंडल के पास और दूसरा साई होटल के समीप है. दोनों के बीच करीब तीन किलोमीटर की दूरी है. स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने बताया कि तीन किलोमीटर आगे जाकर यू-टर्न लेने में समय और ईंधन दोनों की खपत होती है. इसी वजह से कई लोग गलत दिशा से वाहन निकाल लेते हैं. उनका कहना है कि यह छोटी सी बचत कभी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

टोटो और बाइक सवारों पर सबसे ज्यादा खतरा

रॉन्ग साइड ड्राइविंग के कारण सबसे ज्यादा खतरा टोटो और बाइक सवारों पर बना हुआ है. तेज रफ्तार बड़े वाहनों और विपरीत दिशा से आने वाले छोटे वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर की आशंका बनी रहती है. स्थानीय ग्रामीण मुन्ना सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. कभी टोटो पलट जाता है तो कभी बाइक सवार घायल होकर अस्पताल पहुंचते हैं. उन्होंने प्रशासन से किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना समस्या का समाधान कराने की मांग की.

स्थानीय लोगों ने अतिरिक्त कट और यू-टर्न की मांग की

स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के लिए उचित दूरी पर अतिरिक्त कट या यू-टर्न का निर्माण जरूरी है. उनका मानना है कि सुविधाजनक स्थानों पर कट बनने से वाहन चालकों को रॉन्ग साइड जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और दुर्घटनाओं पर भी रोक लग सकती है. लोगों ने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से एनएच-20 पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा उचित दूरी पर नए कट बनवाने की मांग की है.

22 तारीख के आसपास हरदिया पहुंचेगी अतिक्रमण हटाओ अभियान की टीम

रजौली के बांके मोड़ से हरदिया के बीच एनएच-20 पर कट और गलत दिशा में वाहनों के परिचालन को लेकर पदाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान की टीम जल्द ही हरदिया क्षेत्र में पहुंचेगी. करीब 22 तारीख के आसपास अभियान की टीम स्थल का निरीक्षण कर समस्या का जायजा लेगी.

उन्होंने कहा कि एनएच पर जहां आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कट की आवश्यकता होगी, वहां कट बनवाने की पहल की जाएगी. इससे लोगों को गलत दिशा में वाहन चलाने की मजबूरी नहीं होगी और हादसों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. इस संबंध में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ समन्वय स्थापित कर आम जनता की सुविधा के अनुसार स्थायी समाधान कराने की बात कही गयी है.

Also Read : Weather Update: पटना में सुबह से छाए बादल,12 जिलों में येलो अलर्ट जारी; बिहार में फिर बदला मौसम का मिज़ाज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >