नवादा : वाहन मालिक की हत्या कर शव खेत में फेंका

नवादा न्यूज : फ्लाई ऐश लेकर कोडरमा से पटना के लिए चला था ट्रक चालक

नवादा न्यूज : फ्लाई ऐश लेकर कोडरमा से पटना के लिए चला था ट्रक चालक

रजौली.

स्थानीय थाना क्षेत्र के अंधरबारी के समीप एक फ्लाई ऐश के वाहन मालिक सह चालक का शव मिला है. मृतक की पहचान झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के जोगिया टिलहा गांव निवासी स्व. जठा पंडित के 47 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र पंडित के रूप में हुई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मालिक सह चालक ट्रक संख्या जेएच12पी 6625 पर फ्लाई ऐश लेकर कोडरमा से पटना जा रहे थे. इस बीच चालक ने अपने बेटे गोविंद पंडित को गुरुवार की रात्रि में लगभग दो बजे कॉल करके बताया कि कारीगांव स्थित टोल प्लाजा पार करने के बाद ओवरलोडिंग को लेकर कुछ नाजायज राशि की मांग की जा रही है एवं नहीं देने पर कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं. शुक्रवार की सुबह अंधरबारी गांव के समीप एनएच-20 सड़क से कुछ दूरी पर खेत में वाहन मालिक सह चालक का शव फेंका दिखाई दिया एवं सिर में गहरे जख्म और पीछे गोली लगने के बाद हॉल की तरह का निशान था. शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे किसी ने लोहे के रॉड आदि से जोरदार प्रहार किया हो एवं काबू में नहीं आने पर गोली मारी दी हो.

एसपी पहुंचे घटनास्थल पर

इस घटना की सूचना के बाद एसपी नवादा अभिनव धीमान, एसडीपीओ गुलशन कुमार व थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया. इधर, पुलिस आसपास के लोगों एवं परिजनों से जरूरी जानकारियां इकट्ठा करने में जुटी हुई है. पुलिस बल टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि वास्तविक वस्तु स्थिति की जानकारी मिल सके. मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावे दो बेटों को छोड़ गये हैं.

टोल प्लाजा पर अक्सर होते हैं झगड़े

टोल प्लाजा पर रजौली की ओर से नवादा जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग होने पर ट्रक चालकों से टोल प्लाजा शुल्क के अलावे जुर्माना वसूला जाता है. टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग का जुर्माना भरने को लेकर ट्रक चालकों और टोल कर्मियों के बीच कई बार झड़प भी हो चुकी है. इस झड़प में कई बार दोनों पक्षों से मारपीट व सुलह ऑन द स्पॉट हो जाता है, तो कुछ मामले थाना तक भी पहुंचते हैं. बीते कुछ माह पूर्व भी कुछ ट्रक चालकों ने विरोध दर्ज किया, तो टोल प्लाजा कर्मी भी जुर्माना लेने की जिद में अड़े रहे.

नतीजतन, ट्रक चालकों एवं टोल प्लाजा कर्मियों के बीच मारपीट हुई. इसको लेकर टोल कर्मी ने रजौली थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी. मृतक चालक के पुत्र गोविंद पंडित के कथनानुसार टोल प्लाजा के समीप लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच से घटना का कारण स्पष्ट हो पायेगा.

क्या कहते हैं थानेदार

इस बाबत थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि अंधरबारी में शव की जानकारी मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे. साथ ही वरीय पदाधिकारी को घटना के बारे में जानकारी दी. घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है. शव के आसपास ब्लड सैंपल वगैरह कलेक्ट किया गया है. बताया कि शव को जब्त कर नवादा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया जा चुका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि हॉल जैसा जख्म गोली का है या किसी और चीज से हत्या हुई है. उन्होंने कहा कि मृतक सुरेंद्र पंडित के पुत्र विकाश पंडित ने लिखित आवेदन देकर बताया कि मेरे पिता की हत्या पैसों की लेनदेन के कारण हुई है. आवेदक ने इस हत्या के पीछे दूसरे ट्रक में पार्टनर रहे हजारीबाग के कैलाश पंडित का नाम बताया है. पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है. उन्होंने जल्द ही मामले के उद्भेदन किये जाने की बात कही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >