Nawada News : पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से इंटर विद्यालय कादिरगंज के इको क्लब द्वारा शुक्रवार को 'लिव फॉर मिशन' अभियान के तहत अनोखा कार्यक्रम चलाया गया. विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने सकरी नदी के किनारे 5 हजार से अधिक नीम, जामुन और आम के बीजों का रोपण किया.
विद्यार्थियों की टोलियों ने किया बीज रोपण
अभियान के तहत विद्यार्थियों की कई टोलियां बनाकर उन्हें नदी किनारे विभिन्न स्थानों पर भेजा गया, जहां उन्होंने बीज बोए. अभियान का उद्देश्य बरसात के मौसम में इन बीजों को पौधों और आगे चलकर वृक्षों के रूप में विकसित कर हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है.
जुलाई-अगस्त तक चलेगा अभियान
विद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपने-अपने गांवों से नीम, जामुन और आम के बीज एकत्रित कर विद्यालय लाने की अपील की है. एकत्रित बीजों का जुलाई और अगस्त माह तक लगातार विभिन्न स्थानों पर रोपण किया जाएगा, ताकि सकरी नदी का किनारा हरा-भरा बनाया जा सके और प्राकृतिक संतुलन मजबूत हो.
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अभियान में पायल गोस्वामी, कोमल कुमारी, सुमन कुमारी, अमीषा कुमारी, सोनी कुमारी, निर्जला कुमारी, मुस्कान कुमारी, शिवानी कुमारी, तसमीया परवीन, पुनीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विद्यार्थियों ने कहा कि इस पहल से उन्हें प्रकृति के करीब आने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का अवसर मिला.
