नवादा: समस्तीपुर की किन्नर की काशीचक में हत्या, शादी के दबाव में प्रेमी ने साथियों संग रची साजिश; शव के टुकड़े कर पोखर में फेंका, एक गिरफ्तार

नवादा के काशीचक में एक किन्नर की सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध में शादी के दबाव से बचने के लिए प्रेमी और उसके दोस्तों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.

Nawada Third Gender Murder Case : नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव स्थित गुहिया पोखर से बरामद अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि यह हत्या एक किन्नर मोनिका की थी, जिसे उसके ही प्रेमी और उसके साथियों ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को कई हिस्सों में काटकर बोरे में बंद कर पोखर में फेंक दिया गया था.

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत चार अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

Nawada News : पोखर से बरामद हुए थे शव के टुकड़े

एसडीपीओ पकरीबरावां सुजय विद्यार्थी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 24 मई 2026 को गुहिया पोखर से सबसे पहले एक पैर बरामद हुआ था. इसके बाद 26 मई को उसी पोखर से बोरे में बंद एक शव मिला. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया और जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया. उसकी पहचान भट्टा गांव निवासी लखन रमानी के पुत्र कारण कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

Crime News : पटना में हुई थी दोस्ती, फिर बढ़ा प्रेम प्रसंग

पुलिस के अनुसार, भट्टा गांव के शुभम कुमार की मुलाकात पटना में रहने वाली मोनिका किन्नर से हुई थी. मोनिका मूल रूप से समस्तीपुर की रहने वाली थी, लेकिन पटना के आलमगंज इलाके में रहती थी. शुभम का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा हो गया.

समय के साथ रिश्ते में नजदीकियां बढ़ीं, जिसके बाद मोनिका ने शुभम पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. वह लगातार सोशल मीडिया के जरिए भी इस बात को लेकर बात कर रही थी.

Nawada Police Investigation : शादी के दबाव से बचने के लिए रची गई हत्या की साजिश

एसडीपीओ ने बताया कि शादी के दबाव से बचने के लिए शुभम ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. योजना के तहत मोनिका को भट्टा गांव बुलाया गया.

नवादा की सभी ख़बरें यहां पढ़ें

गांव पहुंचने के बाद सभी ने सामान्य तरीके से खाना खाया, ताकि किसी को शक न हो. लेकिन उसी रात शुभम और उसके चार-पांच साथियों ने मिलकर मोनिका की हत्या कर दी.

हत्या के बाद शव को लगाया ठिकाना

हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने अमानवीय तरीका अपनाया. शव के कई टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग बोरे में बंद किया गया और गुहिया पोखर में फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके.

मुख्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है. फिलहाल एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शुभम कुमार समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : नवादा में राजकीय डिग्री कॉलेज का सीएम सम्राट ने किया उद्घाटन, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बोले- अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vishwanath Kumar

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >