Nawada News: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को पूर्णतः प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है. चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के कुशल दिशा-निर्देशन एवं उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभाग की विशेष टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की है. इस कार्रवाई के दौरान तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दो लक्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं.
एस-क्रॉस कार से 198 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
उत्पाद अधीक्षक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को झारखंड की ओर से शराब की एक बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर समेकित जांच चौकी रजौली पर वाहनों की कड़ाई से जांच शुरू की गई. इसी दौरान झारखंड की तरफ से आ रही एक सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी एस-क्रॉस कार (निबंधन संख्या- BR 01CS/8300) को रोककर तलाशी ली गई.
कार की डिक्की और सीटों के नीचे विशेष तहखाना बनाकर छिपाकर रखी गई उत्तर प्रदेश निर्मित 'ऑफसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की' (180 एमएल) की कुल 1104 बोतलें बरामद की गईं, जो कुल 198.720 लीटर विदेशी शराब है. इस कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार तीन शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
उत्तर प्रदेश से पटना ले जाई जा रही थी खेप
गिरफ्तार शराब तस्करों की पहचान पटना जिले के मोकामा निवासी चंदन कुमार (36 वर्ष), वैशाली जिले के लालगंज निवासी सूरज कुमार (28 वर्ष) और नालंदा जिले के नूरसराय निवासी उत्पल कान्त कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे इस अवैध खेप को उत्तर प्रदेश से तस्करी कर ला रहे थे और पटना में किसी स्थानीय रिसीवर को सौंपने जा रहे थे. विभाग इनके पूरे सिंडिकेट का पता लगाने में जुट गया है.
काराखुट जंगल के पास नदी किनारे से बोलेरो और बीयर जब्त
इसी अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने दूसरी बड़ी कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चितरकोली पंचायत के काराखुट जंगल के पास धनार्जय नदी के किनारे की. उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने नदी किनारे संदिग्ध और लावारिस अवस्था में पार्क की गई एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो गाड़ी (निबंधन संख्या- JH18 C/6598) को घेराबंदी कर पकड़ा.
बोलेरो की तलाशी लेने पर उसके भीतर से भारी मात्रा में बैड मंकी, गॉडफादर और कार्ल्सबर्ग प्रीमियम ब्रांड की कुल 96.000 लीटर अवैध विदेशी बीयर बरामद की गई. हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान वाहन चालक और मुख्य तस्कर रात के अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. उत्पाद विभाग फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है.
