नवादा. नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पचगांवा गांव में थार गाड़ी की किस्त को लेकर दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला और दिव्यांग युवक समेत एक पक्ष के आठ लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. सभी घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घायलों की पहचान मंजू देवी, धर्मेंद्र कुमार, टार्जन कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, छोटू, दीपक, सोनू और बाल्मीकि के रूप में हुई है. घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है.
किस्त बंद होने के बाद शुरू हुआ विवाद
घायल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनके भतीजे अमर ज्योति ने उनके बेटे के नाम पर थार गाड़ी फाइनेंस कराई थी. शुरुआत में कुछ समय तक गाड़ी की किस्त जमा की गई, लेकिन बाद में किस्त का भुगतान बंद हो गया. इसके बाद उनके बेटे का सिबिल स्कोर खराब होने लगा.
नवादा के मिर्जापुर मोहल्ले में अज्ञात युवक का मिला शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पहचान में जुटी पुलिस
धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, मामले की शिकायत के बाद फाइनेंस कंपनी को गाड़ी जमा करनी पड़ी. बाद में बकाया सभी किस्तों का भुगतान कर गाड़ी को दोबारा वापस लिया गया.
दोनों परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद
इसी पूरे मामले को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ. जानकारी के अनुसा बातचीत के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इस झड़प में धर्मेंद्र कुमार के परिवार के आठ लोग घायल हो गए.
मारपीट के बाद गांव में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मारपीट में महिला और दिव्यांग युवक के घायल होने की बात भी सामने आई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है. परिजनों के अनुसार, विवाद का मुख्य कारण थार गाड़ी की किस्त और उससे जुड़ा वित्तीय मामला है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना पीड़ित पक्ष की ओर से नेमदारगंज थाने को दी गई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
फिलहाल दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
